

बैलाडीला से नगरनार तक 138 किमी लंबी स्लरी पाइपलाइन से पहुंच रहा लौह अयस्क।
वन स्वीकृति प्रस्ताव में 4,040 पेड़ों की कटाई का अनुमान दर्ज।
पाइपलाइन के लिए 380.566 हेक्टेयर जमीन उपयोग का प्रस्ताव।
गमावड़ा में पाइपलाइन खुदाई के बाद खेतों में पत्थर छोड़े जाने का किसानों का आरोप।
करीब दो साल से खेती प्रभावित, किसान कर रहे जमीन के समतलीकरण की मांग।
Chhattisgarh Bastar Deforestation : बैलाडीला की पहाड़ियों से निकलने वाला लौह अयस्क अब स्लरी पाइपलाइन के जरिए नगरनार स्टील प्लांट तक पहुंच रहा है। उद्योग के लिए यह परिवहन का आधुनिक रास्ता है, लेकिन इस रास्ते की कीमत बस्तर की जमीन और हरियाली ने कितनी चुकाई? इस सवाल का जवाब सरकारी दस्तावेजों में दर्ज आंकड़े और दंतेवाड़ा के गमावड़ा गांव के किसानों की शिकायतें एक साथ मांग रही हैं।
एक तरफ पाइपलाइन परियोजना के वन स्वीकृति प्रस्ताव में 4,040 पेड़ों की कटाई का अनुमान दर्ज है, दूसरी तरफ गमावड़ा के किसान आरोप लगा रहे हैं कि पाइपलाइन की खुदाई के बाद उनके खेतों में बड़े-बड़े पत्थर छोड़ दिए गए, जिससे वे करीब दो साल से ठीक से खेती नहीं कर पा रहे हैं।
बैलाडीला से नगरनार तक करीब 138 किलोमीटर लंबी स्लरी पाइपलाइन के जरिए लौह अयस्क को पानी के साथ मिलाकर नगरनार पहुंचाया जाता है। इसकी क्षमता 15 मिलियन टन प्रतिवर्ष बताई गई है।
परियोजना को सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने और अयस्क की ढुलाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में पेश किया गया। लेकिन इस परियोजना के निर्माण और जमीन के इस्तेमाल से जुड़े दस्तावेजों पर नजर डालें तो पर्यावरणीय प्रभाव का दायरा काफी बड़ा दिखाई देता है।
वन स्वीकृति से संबंधित समिति के दस्तावेजों के अनुसार, पाइपलाइन के लिए 83.831 हेक्टेयर आरक्षित, संरक्षित और राजस्व वन भूमि के उपयोग का प्रस्ताव था। इसके अलावा 296.735 हेक्टेयर गैर-वन भूमि भी परियोजना के दायरे में शामिल थी। इस तरह कुल 380.566 हेक्टेयर क्षेत्र परियोजना से जुड़ा था। दस्तावेज में इस क्षेत्र की वनस्पति घनता 0.5 से 0.7 के बीच बताते हुए सभी श्रेणियों के कुल 4,040 पेड़ों की कटाई का अनुमान दर्ज किया गया था।
इस नुकसान की भरपाई के लिए दंतेवाड़ा वन मंडल में 167.978 हेक्टेयर खराब वन भूमि पर क्षतिपूरक वनीकरण की योजना बनाई गई थी। इसके लिए 10 करोड़ 8 लाख 28 हजार रुपये की वित्तीय योजना भी प्रस्तावित थी। लेकिन अब सवाल यह है कि इस क्षेत्र में वास्तव में कितने पौधे लगाए गए? कितने पौधे जीवित हैं? क्या पौधरोपण की निगरानी हुई और क्या उसका परिणाम सार्वजनिक किया गया? वन भूमि के बदले वनीकरण का प्रावधान केवल कागजों में दर्ज रहने के लिए नहीं, बल्कि जंगल की क्षति की भरपाई के लिए होता है।
वन स्वीकृति की प्रक्रिया के दौरान पाइपलाइन के लिए 30 मीटर चौड़े राइट ऑफ वे यानी उपयोग क्षेत्र का प्रस्ताव रखा गया था। इसमें मिट्टी रखने के लिए अतिरिक्त सात मीटर चौड़ाई भी शामिल थी। समिति ने इस अतिरिक्त हिस्से पर सवाल उठाते हुए इसे हटाने और मिट्टी को 21 मीटर के दायरे में अस्थायी रूप से रखने की संभावना तलाशने की बात कही थी। यह टिप्पणी बताती है कि पाइपलाइन के लिए जमीन के इस्तेमाल और खुदाई से निकली मिट्टी के प्रबंधन को लेकर स्वीकृति प्रक्रिया में भी सावधानी बरतने की जरूरत महसूस की गई थी।
परियोजना का असर केवल जंगल तक सीमित होने की शिकायत नहीं है। दंतेवाड़ा जिले के गमावड़ा गांव में किसानों ने पाइपलाइन निर्माण के बाद खेतों की स्थिति को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों के मुताबिक, वर्ष 2023 में गांव के करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई की गई थी। काम पूरा होने के बाद खेतों में बड़े-बड़े पत्थर और मिट्टी छोड़ दिए गए। जमीन का समुचित समतलीकरण नहीं होने के कारण ट्रैक्टर से जुताई और खेती करना मुश्किल हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि उनकी जमीन पर करीब दो वर्षों से खेती प्रभावित है। उन्होंने संबंधित एलएंडटी कंपनी के अधिकारियों को कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। किसानों की शिकायत पर एनएमडीसी का पक्ष भी सामने आया है। कंपनी के अनुसार गमावड़ा में करीब पांच किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई, जिसमें डेढ़ किलोमीटर सरकारी और साढ़े तीन किलोमीटर निजी भूमि से होकर गुजरी। कंपनी का कहना है कि खुदाई के बाद पत्थरों का समतलीकरण कराया गया था और जरूरत पड़ने पर किसान एलएंडटी से दोबारा समतलीकरण करा सकते हैं।
लेकिन किसानों की परेशानी और कंपनी के दावे के बीच जमीन पर वास्तविक स्थिति क्या है, इसका जवाब संयुक्त निरीक्षण से ही मिल सकता है। प्रभावित खेतों की नाप-जोख, मिट्टी और पत्थरों की स्थिति तथा किसानों को हुए नुकसान का आकलन होना चाहिए।
स्लरी पाइपलाइन का विरोध अचानक शुरू नहीं हुआ था। परियोजना को लेकर वर्ष 2015 से ही दंतेवाड़ा और बस्तर के किसानों ने खेती योग्य जमीन, मुआवजे, रोजगार और ग्रामसभा की सहमति जैसे मुद्दे उठाए थे। सार्वजनिक सुनवाई में भी ग्रामीणों ने जमीन और आजीविका पर पड़ने वाले असर को लेकर सवाल किए थे। वर्ष 2017 में 28 गांवों के प्रतिनिधियों ने किरंदुल में पाइपलाइन निर्माण रोकने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। बाद के वर्षों में कई गांवों में मुआवजे और जमीन के उपयोग को लेकर बातचीत और समझौते भी हुए।
परियोजना की वन स्वीकृति से जुड़े दस्तावेजों में यह भी दर्ज है कि प्रस्तावित पाइपलाइन कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान की सीमा से करीब 8.2 किलोमीटर की दूरी पर थी। इससे परियोजना के पर्यावरणीय प्रभाव और वन्यजीव क्षेत्र के आसपास की संवेदनशीलता पर भी सवाल उठते हैं।
बैलाडीला से नगरनार तक पाइपलाइन बिछ चुकी है और उद्योग को अयस्क पहुंचाने का नया रास्ता मिल गया है। लेकिन बस्तर के जंगलों और किसानों की जमीन को लेकर उठे सवाल अब भी जवाब मांग रहे हैं। वन विभाग को बताना चाहिए कि प्रस्तावित 4,040 पेड़ों की कटाई के मुकाबले वास्तविक कटाई कितनी हुई और क्षतिपूरक वनीकरण की स्थिति क्या है। जिला प्रशासन को गमावड़ा सहित प्रभावित गांवों में किसानों की जमीन का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराना चाहिए।
आखिर उद्योग तक लोहा पहुंचाने की सुविधा तैयार हो गई, लेकिन जिन खेतों और जंगलों से होकर यह पाइपलाइन गुजरी, वहां के लोगों को क्या मिला? अगर किसानों की जमीन खेती योग्य नहीं बची और जंगलों की भरपाई भी अधूरी है, तो विकास की इस कहानी में बस्तर की हरियाली और किसानों के नुकसान का हिसाब कौन देगा?