616 साल पुरानी परंपरा आज भी कायम, शालीग्राम की बारात लेकर निकले समाजजन, तुलसी संग हुआ विवाह

Jagdalpur Tulsi Vivah : जगन्नाथ मंदिर से गोलबाजार और दंतेश्वरी मंदिर चौक तक निकली भगवान शालीग्राम की बारात, 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के 14 क्षेत्रों ने निभाई विवाह की रस्में।
Jagdalpur Tulsi Vivah
जगदलपुर तुलसी विवाह उत्सवसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • जगदलपुर में 616 साल पुरानी विरासत का उत्सव।

  • भगवान शालीग्राम की धूमधाम से निकली बारात।

  • वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तुलसी-शालीग्राम विवाह।

  • 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज ने निभाई परंपरा।

  • समाज के सभी 14 क्षेत्रों के सदस्य हुए शामिल।

Jagdalpur Tulsi Vivah Festival : बस्तर की धरती पर कुछ परंपराएं ऐसी हैं, जो सदियों का सफर तय करने के बाद भी आज उतनी ही श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई जा रही हैं। ऐसी ही एक परंपरा का नजारा रविवार को जगदलपुर के श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर में देखने को मिला। यहां 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज ने भगवान शालीग्राम और माता तुलसी का विवाह पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

शाम को भगवान शालीग्राम की बाकायदा बारात निकली। समाज के लोग बाराती बने और पारंपरिक विवाह की रस्मों के बीच माता तुलसी और भगवान शालीग्राम का शुभ विवाह संपन्न हुआ।

सुबह से ही मंदिर परिसर में विवाह की तैयारियां शुरू हो गई थीं। ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में निभाईं। इस वर्ष वर पक्ष की जिम्मेदारी ग्राम गुरिया निवासी जितेंद्र कुमार पाण्डे और उनके परिवार ने संभाली, जबकि वधु पक्ष की ओर से ग्राम सुधापाल निवासी अश्वनी पाणिग्राही और उनके परिवार ने विवाह की परंपराओं का निर्वहन किया।

शाम को शुभ मुहूर्त में भगवान शालीग्राम की बारात श्रीश्री जगन्नाथ मंदिर से निकाली गई। बारात रथ परिक्रमा स्थल, गोलबाजार चौक और दंतेश्वरी मंदिर चौक से होते हुए वापस मंदिर पहुंची। यहां वधु पक्ष और समाज के सदस्यों ने बारात का स्वागत किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शालीग्राम और माता तुलसी का विवाह संपन्न कराया गया। आयोजन में समाज के 14 क्षेत्रों के सदस्य शामिल हुए।

वर्ष 1408 से जुड़ा है समाज का बस्तर से ऐतिहासिक रिश्ता

इस आयोजन के पीछे केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि बस्तर के इतिहास से जुड़ी एक लंबी विरासत भी है। ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार वर्ष 1408 में बस्तर के तत्कालीन राजा पुरुषोत्तम देव पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर की यात्रा पर गए थे। मान्यता और ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार उनकी वापसी के दौरान 360 आरण्यक ब्राह्मण परिवार बस्तर आए थे। इन परिवारों को अलग-अलग क्षेत्रों में बसाया गया। इसी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज की पहचान जुड़ी हुई है। इस तरह समाज का बस्तर से रिश्ता करीब 616 वर्षों की ऐतिहासिक विरासत समेटे हुए है।

Jagdalpur Tulsi Vivah
जगदलपुर में एकतरफा प्रेम में पिता की हत्या, परिवार के 3 सदस्य जेल में, भीड़ ने फूंकी कार

हालांकि, जगदलपुर में शालीग्राम-तुलसी विवाह की शुरुआत किस वर्ष हुई, इसका निश्चित ऐतिहासिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। समाज द्वारा यह आयोजन प्रतिवर्ष परंपरानुसार किया जाता है।

14 क्षेत्रों की भागीदारी ने दिखाई सामाजिक एकजुटता

समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी समाज के सदस्यों की उपस्थिति में तुलसी विवाह का आयोजन किया गया। सुबह से विवाह की रस्में शुरू हुईं और देर शाम शुभ मुहूर्त में भगवान शालीग्राम की बारात निकालकर विवाह संपन्न कराया गया। इसमें समाज के सभी 14 क्षेत्रों के सदस्यों ने भागीदारी निभाई।

Jagdalpur Tulsi Vivah
CGPSC 2021 की होनहार आंचला गिरी निकली रिश्वतखोर अफसर, सरकार ने की कार्रवाई, जानिए पूरा प्रोफाइल