

नया बस स्टैंड के पीछे खड़ी टाटा हेक्सा से मिला चिट्टा और हथियार।
कार-मोबाइल समेत 11.83 लाख रुपए की सामग्री जब्त।
आरोपी के कब्जे से करीब 6.40 ग्राम हेरोइन जब्त।
कार की ड्राइविंग सीट की तलाशी में खुले राज।
Balod Bus Stand Car Heroin Weapons Seized: बालोद पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने अवैध मादक पदार्थ और हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नया बस स्टैंड के पीछे खड़ी एक कार से हेरोइन (चिट्टा) और देशी पिस्टल बरामद की है। पुलिस ने मौके से 25 वर्षीय युवक लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 6.40 ग्राम हेरोइन, एक देशी पिस्टल, मोबाइल फोन और टाटा हेक्सा कार समेत कुल 11 लाख 83 हजार रुपए की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर की रात ANTF बालोद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड के पीछे सफेद रंग की टाटा हेक्सा कार क्रमांक CG 17 KM 4455 खड़ी है। कार की ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति के पास हेरोइन और देशी पिस्टल होने की जानकारी मिली थी।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार में संदिग्ध अवस्था में बैठे युवक से पूछताछ करने पर उसकी पहचान लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 21, रेलवे कॉलोनी, दल्ली राजहरा, जिला बालोद के रूप में हुई।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो डैशबोर्ड के अंदर पारदर्शी झिल्ली में रखा करीब 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद हुआ।पुलिस ने आरोपी लीनेश बंसोड़ के खिलाफ थाना बालोद में NDPS एक्ट की धारा 22(ख) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।