

Coal India Jobs : कोयला मंत्रालय के अधीन मिनीरत्न श्रेणी-1 सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) ने नियमित भर्ती के लिए शॉर्ट नोटिस जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत माइनिंग सरदार और असिस्टेंट फोरमैन (प्रशिक्षु) के कुल 444 पद भरे जाएंगे। इच्छुक भारतीय नागरिकों से केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन मांगे जाएंगे।
कंपनी ने फिलहाल संक्षिप्त अधिसूचना जारी की है, जबकि पात्रता, आवेदन शुल्क, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी विस्तृत नोटिफिकेशन में उपलब्ध कराई जाएगी। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद उम्मीदवारों को 21 दिनों के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
भर्ती के तहत माइनिंग सरदार (टी एंड एस ग्रेड-सी) के 220 पद और सहायक फोरमैन (प्रशिक्षु) इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल सुपरवाइजर (टी एंड एस ग्रेड-सी) के 224 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
दोनों पदों के लिए शुरुआती मासिक मूल वेतन 47,330.25 रुपये निर्धारित किया गया है। रिक्तियों का वर्गवार वितरण अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (एनसीएल) के लिए किया गया है।
सहायक फोरमैन पद पर दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए भी आरक्षण का प्रावधान रखा गया है, जबकि माइनिंग सरदार पद पर पीडब्ल्यूबीडी के लिए कोई रिक्ति नहीं है। पूर्व सैनिकों के लिए भी दोनों पदों पर आरक्षित सीटें निर्धारित की गई हैं।
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। विस्तृत अधिसूचना जारी होने के बाद न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन शुल्क, परीक्षा पाठ्यक्रम और चयन प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारी उपलब्ध होगी।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि रिक्तियों की संख्या अंतिम नहीं है और आवश्यकता के अनुसार इसमें बदलाव किया जा सकता है। आरक्षण और आयु सीमा में छूट केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार लागू होगी।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से जुड़े सभी अपडेट और विस्तृत अधिसूचना के लिए वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट westerncoal.in पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।