

UP Government Jobs : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक और बड़ा मौका सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सहायक सांख्यिकी अधिकारी (ASO) और सहायक रिसर्च अधिकारी (ARO) के पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 929 पद भरे जाएंगे, जिनमें 916 पद ASO और 13 पद ARO के लिए निर्धारित हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 11 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी यही है, जबकि उम्मीदवार 18 मई 2026 तक अपने फॉर्म में संशोधन कर सकेंगे। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी। शैक्षणिक योग्यता के तहत उम्मीदवार के पास गणित, सांख्यिकी, वाणिज्य या अर्थशास्त्र में पोस्ट ग्रेजुएशन डिग्री होना जरूरी है। साथ ही कंप्यूटर का ज्ञान और देवनागरी लिपि में हिंदी का ज्ञान भी अनिवार्य है।
ये खबर भी पढ़ें : JTET 2026 का नोटिफिकेशन जारी, झारखंड में शिक्षक बनने का सुनहरा मौका
UPSSSC की इस परीक्षा पैटर्न की बात करें तो मुख्य परीक्षा में कुल 100 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनके लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। हर सही उत्तर पर 1 अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। प्रश्न पत्र तीन भागों में होगा-सांख्यिकी और गणित (65 अंक), कंप्यूटर और आईटी (15 अंक) और उत्तर प्रदेश सामान्य ज्ञान (20 अंक)।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार upsssc.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करें, लॉगिन के बाद फॉर्म भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और फीस जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।