कौन है अनुज अग्निहोत्री? जिन्होंने UPSC में किया टॉप, जानें कैसे तय किया MBBS से प्रशासनिक सेवा तक का सफर

Anuj Agnihotri: UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है। राजस्थान के रावतभाटा निवासी अनुज एमबीबीएस डॉक्टर हैं और पहले से प्रशासनिक सेवा में कार्यरत हैं।
anuj agnihotri
Published on
Updated on

UPSC 2025 Topper Anuj Agnihotri: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 का अंतिम परिणाम शुक्रवार को घोषित कर दिया। इस वर्ष अनुज अग्निहोत्री ने परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in और upsconline.nic.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।

UPSC सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। हर साल लाखों अभ्यर्थी इसमें शामिल होते हैं, लेकिन अंतिम चयन केवल कुछ सौ उम्मीदवारों का ही होता है। इस साल कुल 958 उम्मीदवारों का चयन हुआ है, जिन्हें देश की विभिन्न प्रशासनिक सेवाओं में नियुक्त किया जाएगा।

कौन हैं UPSC टॉपर अनुज अग्निहोत्री

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है। वह राजस्थान के रावतभाटा के रहने वाले हैं। अनुज ने जोधपुर स्थित एम्स से एमबीबीएस की पढ़ाई की है और वर्ष 2023 में मेडिकल डिग्री पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने DANICS (Delhi, Andaman and Nicobar Islands Civil Service) जॉइन किया, जो सेंट्रल सिविल सर्विसेज (ग्रुप-B) की प्रशासनिक सेवा है। इसके साथ ही उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी जारी रखी और अब देश में पहला स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

IAS और IFS में कितनी सीटें

इस वर्ष भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए कुल 180 पद खाली हैं। इनमें विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षण तय किया गया है।

  • सामान्य वर्ग – 74 पद
  • ओबीसी – 47 पद
  • अनुसूचित जाति (SC) – 28 पद
  • आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) – 18 पद
  • अनुसूचित जनजाति (ST) – 13 पद

वहीं भारतीय विदेश सेवा (IFS) में इस साल कुल 55 पद उपलब्ध हैं।

  • सामान्य वर्ग – 22 पद
  • ओबीसी – 15 पद
  • अनुसूचित जाति – 8 पद
  • EWS – 6 पद
  • अनुसूचित जनजाति – 4 पद

UPSC ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों की नियुक्ति सिविल सेवा परीक्षा नियम 2025 और उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर अंतिम रूप से तय की जाएगी। यूपीएससी की परीक्षा तीन चरणों में होती है। जिसमें पहले प्रीलीम्स, फिर मेन्स और आखिरी में इंटरव्यू में होता है। इन सभी चरणों के बाद अंतिम मेरिट लिस्ट जारी की जाती है।

1. प्रारंभिक परीक्षा (Prelims)

यह पहला चरण होता है। इसमें दो पेपर होते हैं, जनरल स्टडीज और CSAT। इसमें सफल उम्मीदवार ही अगले चरण में जाते हैं।

2. मुख्य परीक्षा (Mains)

दूसरा चरण मुख्य परीक्षा का होता है, जिसमें कई लिखित पेपर शामिल होते हैं जैसे निबंध, सामान्य अध्ययन के चार पेपर और वैकल्पिक विषय (Optional Subject)। यह चरण काफी कठिन माना जाता है।

3. इंटरव्यू (Personality Test) मुख्य परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है। इसमें उम्मीदवार के व्यक्तित्व, निर्णय क्षमता और देश-समाज के प्रति समझ को परखा जाता है।

कब हुआ था UPSC 2025 का एग्जाम

  • लिखित मुख्य परीक्षा – अगस्त 2025
  • इंटरव्यू – फरवरी 2026
  • अंतिम परिणाम – 6 मार्च 2026

UPSC पास करने के बाद क्या बनते हैं अधिकारी

UPSC सिविल सेवा परीक्षा पास करने के बाद उम्मीदवारों को देश की प्रतिष्ठित सेवाओं में नियुक्ति मिलती है। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और भारतीय विदेश सेवा (IFS) शामिल हैं। इसके अलावा कई अन्य ग्रुप-A और ग्रुप-B केंद्रीय सेवाओं में भी अधिकारियों की नियुक्ति की जाती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com