

UP Police Constable Exam Special Train : उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 में शामिल होने जा रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे और परिवहन विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं।
8, 9 और 10 जून को आयोजित होने वाली भर्ती परीक्षा के दौरान तीन दिनों तक एग्जाम स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा प्रदेश के 17 प्रमुख शहरों के बीच 125 अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए सुगम और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार मुरादाबाद और इज्जतनगर रेल मंडल की ओर से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। एक स्पेशल ट्रेन हरिद्वार से और दूसरी मुरादाबाद से बरेली होते हुए लखनऊ और सीतापुर रूट पर चलाई जाएगी। परीक्षा के दिनों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है।
वहीं परिवहन विभाग ने भी प्रमुख बस अड्डों और परीक्षा केंद्र वाले शहरों के बीच अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला किया है। अधिकारियों का कहना है कि उम्मीदवारों को सीटों की कमी, लंबी प्रतीक्षा या यात्रा संबंधी अन्य समस्याओं का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड दिखाकर मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ भी उठा सकेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रतिदिन दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। अनुमान है कि उत्तर प्रदेश में लगभग 29 लाख उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होंगे।
इसी वजह से परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। परीक्षा अवधि के दौरान बस चालकों और परिचालकों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं ताकि परिवहन सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित की जा सकें और अभ्यर्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।