

Etawah Anganwadi Vacancy : उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पदों पर भर्ती का मौका आया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संचालित बाल विकास परियोजनाओं में 102 आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पद भरे जाएंगे।
इन पदों पर चयन सीधी भर्ती के माध्यम से किया जाएगा। इच्छुक और योग्य महिला अभ्यर्थी 7 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। भर्ती में चकरनगर में 10, ताखा में 8, बसरेहर में 14, महेवा में 26, भरथना में 12, बढ़पुरा में 13, सैफई में 6, शहर में 2 और जसवन्तनगर में 11 पद शामिल हैं।
इस भर्ती के लिए महिला अभ्यर्थी का 12वीं पास होना जरूरी है। उम्मीदवार की आयु 1 जुलाई 2026 को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदन करने वाली महिला का संबंधित ग्राम सभा या शहरी क्षेत्र के संबंधित वार्ड की स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।
ग्रामीण क्षेत्र में पहले संबंधित ग्राम सभा की निवासी महिलाओं को पात्र माना जाएगा। पात्र अभ्यर्थी नहीं मिलने पर संबंधित न्याय पंचायत की महिलाओं को मौका दिया जाएगा। शहरी क्षेत्र में निवास प्रमाण पत्र पर वार्ड नंबर और वार्ड का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज होना चाहिए। जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र ऑनलाइन सत्यापन योग्य होने चाहिए।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री पदों पर चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। मेरिट तैयार करते समय इंटरमीडिएट से लेकर परास्नातक तक की शैक्षणिक योग्यता के आधार पर अंक दिए जाएंगे। चयन में संबंधित ग्राम सभा या वार्ड की BPL परिवार की विधवा, कानूनी तलाकशुदा या परित्यक्ता महिला को प्राथमिकता दी जाएगी।
इसके बाद BPL परिवार की अन्य महिला और फिर APL परिवार की महिला को मौका मिलेगा। आरक्षित पदों पर संबंधित आरक्षित वर्ग की महिला का आवेदन मान्य होगा, जबकि अनारक्षित पदों पर किसी भी वर्ग की महिला आवेदन कर सकती है।
आवेदन केवल उत्तर प्रदेश विभागीय वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान शैक्षणिक प्रमाणपत्र, निवास, जाति और अन्य जरूरी दस्तावेजों की साफ एवं स्वहस्ताक्षरित प्रतियां अपलोड करनी होंगी।