TSLPRB Recruitment 2026: तेलंगाना में 7,437 पुलिस, फायर और जेल विभाग की भर्तियों को मंजूरी, नोटिफिकेशन जल्द

Telangana Police Vacancy : तेलंगाना सरकार ने पुलिस, अग्निशमन, जेल और विशेष सुरक्षा बल में कुल 7,437 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। TSLPRB जल्द विस्तृत अधिसूचना जारी करेगा।
Telangana has approved recruitment for 7,437 posts across police, fire, prisons and special protection force, with the official notification coming soon.
तेलंगाना पुलिस भर्ती (फोटो - गूगल इमेज)
Published on
Updated on

Telangana Police Recruitment : तेलंगाना राज्य सरकार ने बड़े भर्ती अभियान को मंजूरी देते हुए पुलिस, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन, जेल एवं सुधारात्मक सेवा और विशेष सुरक्षा बल (Special Protection Force) में कुल 7,437 पदों पर भर्ती की स्वीकृति दे दी है। इस संबंध में तेलंगाना राज्य स्तरीय पुलिस भर्ती बोर्ड (TSLPRB) ने एक प्रेस नोट जारी किया है।

भर्ती के तहत सब-इंस्पेक्टर (SI), असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI), पुलिस कांस्टेबल, वार्डर, फायर विभाग और अन्य समकक्ष पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। बोर्ड ने बताया है कि विस्तृत भर्ती अधिसूचना जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी, जिसके बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।

तेलंगाना में सुरक्षा बल समेत जल्द ही कई पदों पर भर्ती

इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक 5,000 पद पुलिस विभाग के लिए स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 148 सिविल SI, 14 रिजर्व SI (AR), 12 रिजर्व SI (TGSP), 3 रिजर्व SI (SARCPL), 23 ASI (FPB), 3,697 सिविल कांस्टेबल, 1,052 AR कांस्टेबल, 24 SARCPL कांस्टेबल, 20 पुलिस कांस्टेबल (ड्राइवर) और 7 पुलिस कांस्टेबल (मैकेनिक) के पद शामिल हैं।

इसके अलावा अग्निशमन एवं आपदा प्रतिक्रिया विभाग में 790 पद, कारागार एवं सुधारात्मक सेवा विभाग में 223 पद (उप जेलर और वार्डर) तथा विशेष सुरक्षा बल में 1,424 पदों पर भर्ती की जाएगी। कुल मिलाकर राज्य के विभिन्न विभागों में 7,437 रिक्तियों को भरा जाएगा।

TSLPRB जल्द विस्तृत अधिसूचना जारी करेगा

भर्ती बोर्ड के अनुसार संबंधित विभागों से सभी पदों का अंतिम विवरण प्राप्त होने के बाद विस्तृत अधिसूचना जारी की जाएगी। नोटिफिकेशन में पदवार रिक्तियां, स्थानीय कैडर के अनुसार आरक्षण, रोस्टर प्वाइंट, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और आवेदन की पूरी जानकारी दी जाएगी।

भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे TSLPRB की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें, ताकि नोटिफिकेशन जारी होते ही आवेदन प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी समय पर मिल सके।

Navbharat Live
navbharatlive.com