

Doctor Jobs : दिल्ली में सरकारी अस्पताल में नौकरी करने की इच्छा रखने वाले डॉक्टरों के लिए अच्छी खबर है। राव तुला राम मेमोरियल हॉस्पिटल (RTRMH) ने सीनियर रेजिडेंट के 27 पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इन पदों पर नियुक्ति वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से की जाएगी।
इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 7 अगस्त 2026 को निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंचकर इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं। भर्ती अभियान के तहत अनारक्षित वर्ग के 9, ओबीसी के 8, एससी के 5, एसटी के 2 और ईडब्ल्यूएस वर्ग के 3 पद भरे जाएंगे। अस्पताल ने उम्मीदवारों से समय पर रिपोर्टिंग करने और सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।
इस भर्ती में एनेस्थीसिया, मेडिसिन, प्रसूति एवं स्त्री रोग, ऑर्थोपेडिक्स, हेयर थेरेपी, जनरल सर्जरी, रेडियोलॉजी, नेत्र विज्ञान और ईएनटी विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से एमबीबीएस के साथ संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री होना अनिवार्य है।
इसके अलावा संबंधित स्पेशलिटी में कम से कम दो वर्ष का अनुभव होना चाहिए, जिसमें एक वर्ष का अनुभव किसी सरकारी अस्पताल में होना जरूरी है। अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के तहत पे मैट्रिक्स लेवल-11 के अनुसार ₹67,700 प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके साथ अन्य सरकारी भत्ते और सुविधाएं भी नियमानुसार प्रदान की जाएंगी।
चयन प्रक्रिया पूरी तरह वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन पर आधारित होगी। इंटरव्यू 7 अगस्त 2026 को सुबह 11:30 बजे आयोजित किया जाएगा, जबकि उम्मीदवारों को सुबह 9:30 बजे से 11:00 बजे के बीच प्रशासनिक ब्लॉक के कॉन्फ्रेंस हॉल में रिपोर्ट करना होगा।
अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी, सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अनुभव प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की स्वयं सत्यापित फोटोकॉपी साथ लेकर पहुंचना होगा। जो उम्मीदवार सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के रूप में करियर बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह एक अच्छा अवसर माना जा रहा है।