

RPSC Jobs 2026 : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने Assistant Prosecution Officer (APO) Recruitment 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 371 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति राजस्थान गृह विभाग में की जाएगी। आयोग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 जून 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 7 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। ऐसे में कानून की पढ़ाई कर चुके अभ्यर्थियों के लिए यह एक शानदार अवसर माना जा रहा है।
भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर की जाएगी। वहीं, राज्य सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट भी प्रदान की जाएगी।
शैक्षणिक योग्यता के तौर पर उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से विधि (Law) में डिग्री होना आवश्यक है। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक अधिसूचना में उपलब्ध कराई गई है।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) तथा अन्य राज्यों के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 600 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं राजस्थान के OBC, MBC, SC और ST वर्ग के अभ्यर्थियों को 400 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।
इच्छुक उम्मीदवार RPSC की आधिकारिक वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया में रजिस्ट्रेशन, फॉर्म भरना, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना और शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।