ISRO Scientist Engineer Recruitment: 92 साइंटिस्ट/इंजीनियर पदों पर भर्ती; बिना लिखित परीक्षा होगा चयन

ISRO Jobs : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने साइंटिस्ट/इंजीनियर 'SC' के 92 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। उम्मीदवार 28 जुलाई से 17 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ISRO has invited applications for 92 Scientist/Engineer 'SC' posts, with selection based on GATE scores and interviews.
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (फोटो - गूगल इमेज)
Published on
Updated on

ISRO Vacancy : भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में नौकरी करने का सपना देख रहे इंजीनियरिंग और आर्किटेक्चर के छात्रों के लिए शानदार अवसर है। इसरो केंद्रीकृत भर्ती बोर्ड (ICRB) ने साइंटिस्ट/इंजीनियर 'SC' के 92 पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत अधिसूचना जारी कर दी है।

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 जुलाई 2026 से शुरू होकर 17 अगस्त 2026 तक चलेगी, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 19 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी अलग लिखित परीक्षा में शामिल नहीं होना होगा।

चयन केवल GATE 2025 या GATE 2026 के वैध स्कोर और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, श्रीहरिकोटा, तिरुवनंतपुरम और महेंद्रगिरि समेत ISRO के विभिन्न केंद्रों में की जा सकती है।

ISRO में साइंटिस्ट/इंजीनियर के 92 पदों पर भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत इलेक्ट्रॉनिक्स के 34, मैकेनिकल के 26, कंप्यूटर साइंस के 13, सिविल के 10, इलेक्ट्रिकल के 4, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग के 2, आर्किटेक्चर के 2 और पीआरएल (सिविल) का 1 पद मिलाकर कुल 92 रिक्तियां भरी जाएंगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित शाखा में बीई/बीटेक या समकक्ष डिग्री होनी चाहिए, जिसमें न्यूनतम 65 प्रतिशत अंक या 10-पॉइंट स्केल पर 6.84 सीजीपीए अनिवार्य है।

साथ ही संबंधित विषय में GATE 2025 या GATE 2026 का वैध स्कोर होना भी जरूरी है। अधिकतम आयु सीमा 17 अगस्त 2026 के अनुसार 28 वर्ष रखी गई है, जबकि ओबीसी, एससी, एसटी और अन्य आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।

चयन GATE स्कोर और इंटरव्यू के आधार पर होगा

चयन प्रक्रिया में सबसे पहले GATE स्कोर के आधार पर लगभग 1:7 अनुपात में उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। अंतिम मेरिट सूची में GATE स्कोर और इंटरव्यू दोनों को 50-50 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को पे मैट्रिक्स लेवल-10 के तहत ₹56,100 प्रतिमाह का शुरुआती बेसिक वेतन मिलेगा।

इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), परिवहन भत्ता, चिकित्सा सुविधा, समूह बीमा, एलटीसी, सीमित आवास सुविधा और नई पेंशन योजना या यूनिफाइड पेंशन स्कीम का लाभ भी मिलेगा। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क ₹250 निर्धारित किया गया है, जबकि महिला, एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिक अभ्यर्थियों को शुल्क से छूट दी गई है।

इच्छुक उम्मीदवार ISRO की आधिकारिक वेबसाइट isro.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान फोटो, हस्ताक्षर और GATE स्कोरकार्ड अपलोड करना होगा तथा आवेदन पत्र का प्रिंट भविष्य के लिए सुरक्षित रखना चाहिए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com