

IRCTC Jobs : अगर आप बिना लिखित परीक्षा के नौकरी पाना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन यानी IRCTC ने टूरिज्म मॉनिटर के 9 पदों पर भर्ती निकाली है। यह भर्ती कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर होगी और नियुक्ति की अवधि दो साल रखी गई है। इसमें 6 पद कॉरपोरेट ऑफिस और 3 पद नॉर्थ जोन के लिए हैं।
खास बात यह है कि उम्मीदवारों का चयन किसी लिखित परीक्षा के बजाय वॉक-इन इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा। इसके लिए इंटरव्यू 8 और 9 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होगा। उम्मीदवार सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं।
टूरिज्म मॉनिटर पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से टूरिज्म में तीन साल की बैचलर डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा किसी भी स्ट्रीम में तीन साल की ग्रेजुएशन के साथ ट्रैवल एंड टूरिज्म में एक साल का डिप्लोमा और टूर ऑपरेशन या ट्रैवल एजेंसी में कम से कम एक साल का अनुभव मांगा गया है।
दूसरे विकल्प के तहत तीन साल की बैचलर डिग्री के साथ ट्रैवल एंड टूरिज्म में दो साल की पोस्ट ग्रेजुएशन डिग्री/डिप्लोमा और संबंधित क्षेत्र में दो साल का अनुभव जरूरी है। उम्मीदवार की अधिकतम उम्र 35 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग को नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
तीन साल की डिग्री के साथ एक साल का डिप्लोमा और एक साल के अनुभव वाले उम्मीदवारों को 30,000 रुपये मासिक CTC मिलेगी। वहीं, बैचलर डिग्री के साथ दो साल की पोस्ट ग्रेजुएशन/डिप्लोमा और दो साल के अनुभव वाले उम्मीदवारों को 35,000 रुपये मासिक CTC दी जाएगी।
इसके अलावा शर्तों के अनुसार 350 रुपये प्रतिदिन का अलाउंस और 1,400 से 2,500 रुपये तक मेडिकल इंश्योरेंस का लाभ भी मिल सकता है। वॉक-इन इंटरव्यू IRCTC, North Zone, B-148, 11वीं मंजिल, Statesman House, Barakhamba Road, Connaught Place, New Delhi-110001 में होगा।
IRCTC की इस भर्ती के लिए उम्मीदवारोंको आवेदन फॉर्म, मूल दस्तावेज, उनकी स्वप्रमाणित प्रतियां और दो पासपोर्ट साइज फोटो लेकर जाना होगा। पोस्टिंग दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर सहित नॉर्थ जोन में हो सकती है।