

IOB Jobs : इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) ने पूर्व सैनिकों और पूर्व अग्निवीरों के लिए सिक्योरिटी गार्ड के पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 25 अस्थायी पद भरे जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवारों को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा।
भर्ती विज्ञापन संख्या HRMD/SS/RECT/01/2026-27 के तहत की जा रही है। आवेदन करने की अंतिम तारीख 14 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। आरक्षण की बात करें तो अनुसूचित जाति के लिए 4, ओबीसी के लिए 7, ईडब्ल्यूएस के लिए 2 और सामान्य वर्ग के लिए 12 पद हैं। एसटी वर्ग के लिए कोई पद निर्धारित नहीं है।
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है। खास बात यह है कि ग्रेजुएट उम्मीदवार इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे। उम्मीदवार को तमिल भाषा बोलना, पढ़ना और लिखना भी आना चाहिए। इसके अलावा केवल पूर्व सैनिक और पूर्व अग्निवीर ही आवेदन कर सकते हैं।
सैन्य सेवा के दौरान उम्मीदवार का चरित्र उत्कृष्ट होना चाहिए और सेवा से मुक्त होने के समय निर्धारित चिकित्सा मानकों को पूरा करना जरूरी है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर होगी। सैन्य सेवा और संबंधित श्रेणी के आधार पर आयु में छूट दी जाएगी, लेकिन अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष रहेगी।
चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति सिक्योरिटी गार्ड के पद पर होगी। वेतनमान 19,500 रुपये से लेकर 37,815 रुपये तक निर्धारित है। पूर्व सैनिकों के लिए मूल वेतन संरक्षण का प्रावधान भी दिया गया है, जिसके तहत सैन्य सेवा के अंतिम मूल वेतन को ध्यान में रखा जाएगा। नियुक्ति के बाद छह महीने की परिवीक्षा अवधि होगी।
सिक्योरिटी गार्ड को 24 घंटे और सातों दिन की शिफ्ट व्यवस्था में काम करने के लिए तैयार रहना होगा। उम्मीदवार IOB की आधिकारिक वेबसाइट iob.bank.in के करियर सेक्शन में जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय सभी जानकारी और दस्तावेजों को ध्यान से जांचने के बाद फॉर्म जमा करना होगा।