CA छात्रों के लिए बड़ा बदलाव! अब AI और डेटा एनालिटिक्स भी बन सकते हैं सिलेबस का हिस्सा

CA Course Update : ICAI जल्द ही CA सिलेबस में बड़ा बदलाव कर सकता है। नए करिकुलम में AI, Data Analytics और ESG जैसे आधुनिक विषयों को शामिल करने की तैयारी की जा रही है।
ICAI may soon include AI, Data Analytics and ESG subjects in the CA syllabus.
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (फोटो - गूगल इमेज)
Updated on

ICAI CA Syllabus : चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया यानी ICAI जल्द ही CA सिलेबस में बड़े बदलाव कर सकता है। बदलती टेक्नोलॉजी और डिजिटल दौर की जरूरतों को देखते हुए संस्था अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा एनालिटिक्स, ESG और अन्य आधुनिक विषयों को भी कोर्स का हिस्सा बनाने की तैयारी कर रही है।

अभी तक CA का सिलेबस मुख्य रूप से अकाउंटिंग, टैक्सेशन, ऑडिट, लॉ और फाइनेंस जैसे विषयों पर आधारित है, लेकिन आने वाले समय में तकनीकी स्किल्स को भी उतना ही जरूरी माना जा सकता है। इसी उद्देश्य से ICAI ने सिलेबस की समीक्षा के लिए एक नई कमेटी का गठन किया है।

जल्द ही CA सिलेबस में बड़े बदलाव

ICAI अध्यक्ष प्रसन्ना कुमार के मुताबिक, अकाउंटिंग प्रोफेशन में तेजी से टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ रहा है और AI अब नौकरी और प्रैक्टिस दोनों का अहम हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि बिना AI और डिजिटल टूल्स की समझ के भविष्य में किसी भी चार्टर्ड अकाउंटेंट के लिए आगे बढ़ना मुश्किल हो सकता है।

इसी कारण “शिक्षा और प्रशिक्षण समीक्षा समिति” यानी CRET कमेटी बनाई गई है, जो पूरे सिलेबस का रिव्यू करेगी। यह कमेटी सिर्फ नए विषय जोड़ने पर ही नहीं, बल्कि आर्टिकलशिप ट्रेनिंग, कम्युनिकेशन स्किल और एसेसमेंट सिस्टम में सुधार जैसे मुद्दों पर भी काम करेगी। बताया जा रहा है कि कमेटी दिसंबर तक अपनी सिफारिशें दे सकती है, जिसके बाद प्रस्तावित बदलावों पर सार्वजनिक फीडबैक लिया जाएगा।

CA कोर्स में AI और डेटा एनालिटिक्स शामिल हो सकते हैं

इससे पहले ICAI ने CA फाइनल परीक्षा पैटर्न में भी बदलाव किया था। अब CA फाइनल एग्जाम साल में तीन बार की जगह सिर्फ दो बार आयोजित किए जाएंगे। परीक्षा अब मई और नवंबर में होगी। हालांकि फिलहाल CA फाउंडेशन और इंटरमीडिएट परीक्षा के पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

हाल ही में CA इंटर ग्रुप-I की परीक्षाएं 5, 7 और 9 मई को आयोजित की गई थीं, जबकि ग्रुप-II की परीक्षाएं 11, 13 और 15 मई को हुईं। अब छात्र इनके परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर AI और डेटा एनालिटिक्स जैसे विषय CA कोर्स में शामिल होते हैं, तो इससे छात्रों को भविष्य के जॉब मार्केट में बड़ा फायदा मिल सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com