IBPS RRB Recruitment 2026: 13,706 पदों पर भर्ती, जानें परीक्षा पैटर्न, निगेटिव मार्किंग और चयन प्रक्रिया

IBPS RRB Vacancy : IBPS RRB 2026 भर्ती के लिए आवेदन 1 से 21 सितंबर तक होंगे। जानें ऑफिस असिस्टेंट और ऑफिसर पदों का परीक्षा पैटर्न, चयन प्रक्रिया और निगेटिव मार्किंग।
IBPS RRB Recruitment 2026 has opened applications for 13,706 posts.
IBPS ने 13,706 पदों पर भर्ती निकाली (फोटो - गूगल इमेज)
Published on
Updated on

IBPS RRB Jobs : आईबीपीएस ने क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB) में ऑफिस असिस्टेंट और ऑफिसर वर्ग के 13,706 पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत नोटिस जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू हो गई है और उम्मीदवार 21 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। प्रारंभिक परीक्षा नवंबर या दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है।

भर्ती में ऑफिस असिस्टेंट (मल्टीपर्पस), ऑफिसर स्केल-I, ऑफिसर स्केल-II और ऑफिसर स्केल-III के पद शामिल हैं। ऑफिस असिस्टेंट और ऑफिसर स्केल-I के लिए प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा होगी, जबकि ऑफिसर स्केल-II और स्केल-III के लिए एकल स्तर की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी। ऑफिसर पदों के अंतिम चयन में साक्षात्कार भी शामिल होगा।

13,706 पदों पर भर्ती

ऑफिस असिस्टेंट और ऑफिसर स्केल-I की प्रारंभिक परीक्षा में कुल 80 प्रश्न होंगे। परीक्षा 80 अंकों की होगी और इसे 45 मिनट में पूरा करना होगा। इसमें तर्कशक्ति और संख्यात्मक क्षमता/मात्रात्मक योग्यता से 40-40 प्रश्न पूछे जाएंगे। मुख्य परीक्षा में 200 प्रश्न होंगे और कुल 200 अंक होंगे। उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए 120 मिनट का समय मिलेगा।

मुख्य परीक्षा में तर्कशक्ति, कंप्यूटर ज्ञान, सामान्य जागरूकता, अंग्रेजी या हिंदी भाषा और संख्यात्मक क्षमता/मात्रात्मक योग्यता से प्रश्न आएंगे। ऑफिसर स्केल-II और III के लिए एकल परीक्षा में तर्कशक्ति, वित्तीय जागरूकता, भाषा, कंप्यूटर ज्ञान और मात्रात्मक योग्यता एवं आंकड़ा विश्लेषण जैसे विषय शामिल होंगे। विशेषज्ञ अधिकारी पदों के लिए परीक्षा की अवधि 150 मिनट तक हो सकती है।

आवेदन 1 सितंबर से शुरू

आईबीपीएस आरआरबी की ऑनलाइन परीक्षाओं में निगेटिव मार्किंग भी होगी। गलत उत्तर देने पर संबंधित प्रश्न के निर्धारित अंक का एक-चौथाई हिस्सा काटा जाएगा। ऑफिसर स्केल-I, II और III के अंतिम चयन में ऑनलाइन परीक्षा और साक्षात्कार का क्रमशः 80 और 20 प्रतिशत महत्व होगा। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को साक्षात्कार में कम से कम 40 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे, जबकि एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 35 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं।

दूसरी ओर, ऑफिस असिस्टेंट के पद पर अंतिम चयन मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर होगा और इसमें साक्षात्कार नहीं होगा। ऐसे में उम्मीदवारों को अपनी तैयारी पद के अनुसार करनी चाहिए। प्रारंभिक परीक्षा में समय प्रबंधन, मुख्य परीक्षा में सभी विषयों की तैयारी और निगेटिव मार्किंग को ध्यान में रखते हुए सवाल हल करना सफलता के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।

IBPS RRB Recruitment 2026 has opened applications for 13,706 posts.
NCERT Class 8 विवादित चैप्टर मामला: ‘न्यायिक भ्रष्टाचार’ वाला पाठ हटने के बाद SC ने केस किया बंद
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com