

HPPSC Vacancy : हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने हिमाचल प्रदेश वित्त एवं लेखा सेवा में 26 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार 5 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती सामान्य सीधी भर्ती से अलग है, क्योंकि इसमें केवल हिमाचल प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों, स्वायत्त संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और सहकारी बैंकों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को आवेदन करने का मौका मिलेगा।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) होना अनिवार्य है। साथ ही, आवेदक के पास अपनी वर्तमान सरकारी नौकरी में कम से कम तीन वर्ष की नियमित सेवा (Regular Service) का अनुभव होना चाहिए।
भर्ती के तहत कुल 26 पदों में 17 पद सामान्य वर्ग, 3 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 2 पद अनुसूचित जाति (SC), 2 पद अनुसूचित जनजाति (ST) तथा दिव्यांग श्रेणी के लिए भी पद आरक्षित किए गए हैं। चयन प्रक्रिया में सबसे पहले प्रारंभिक परीक्षा होगी, जिसे केवल स्क्रीनिंग टेस्ट के रूप में आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद सफल उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा देनी होगी, जिसके आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी। अंतिम चयन से पहले उम्मीदवारों को प्री-इंडक्शन ट्रेनिंग भी दी जाएगी, जिसे पूरा करना अनिवार्य होगा।
उम्मीदवारों को आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। इसके लिए सबसे पहले HPPSC की आधिकारिक वेबसाइट hppsc.hp.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन करके Finance & Accounts Service Recruitment 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
आवेदन पत्र में सभी आवश्यक जानकारी सावधानीपूर्वक भरें और शैक्षणिक प्रमाणपत्र, अनुभव प्रमाणपत्र, फोटो तथा हस्ताक्षर सहित जरूरी दस्तावेज अपलोड करें। निर्धारित श्रेणी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऑफलाइन या डाक के माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।