

HPBOSE Class 12 Result : हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE), धर्मशाला ने सोमवार को 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे घोषित कर दिए। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स तीनों स्ट्रीम का रिजल्ट एक साथ जारी किया।
इस वर्ष कुल 92.02 फीसदी छात्र-छात्राएं परीक्षा में सफल हुए हैं। परीक्षा में शामिल छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और डिजिलॉकर ऐप के जरिए अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं तथा मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
इस साल कुल 81,417 परीक्षार्थियों ने 12वीं बोर्ड परीक्षा दी थी, जिनमें से 74,637 छात्र सफल रहे। लड़कों की बात करें तो 40,828 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनमें 36,888 पास हुए। वहीं 40,281 छात्राओं में से 37,749 ने सफलता हासिल की।
एक बार फिर लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है। बोर्ड के अनुसार इस साल भी छात्राओं का रिजल्ट छात्रों से बेहतर रहा, जिससे बेटियों ने अपनी मेहनत साबित कर दी।
मेरिट लिस्ट में साइला कश्यप ने 99 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर सचिता धीमान और पार्शी शर्मा रहीं, जिन्होंने 98.6 फीसदी अंक हासिल किए। तीसरी रैंक पर तमन्ना शर्मा, नितिन कुमार और वैशाली ठाकुर ने 98.4 फीसदी अंक के साथ जगह बनाई।
स्ट्रीम वाइज देखें तो साइंस में साइला कश्यप ने 495 अंक, कॉमर्स में यशस्वी चौहान, कृषिका और यान ने 491 अंक के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया, जबकि आर्ट्स में अंशित कुमार ने 496 अंक हासिल कर पहला स्थान पाया। छात्र वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर और जरूरी जानकारी दर्ज कर अपना 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट देख सकते हैं।