

Problem Solving Skills : आज के समय में केवल अच्छी मार्कशीट या बड़ी डिग्री हासिल करना सफलता की गारंटी नहीं माना जाता। नौकरी देने वाली कंपनियां अब ऐसे उम्मीदवारों की तलाश करती हैं जिनके पास पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक और प्रोफेशनल स्किल्स भी हों।
बदलते समय के साथ कार्यस्थल की जरूरतें भी बदल गई हैं और कंपनियां ऐसे लोगों को ज्यादा महत्व देती हैं जो टीम के साथ काम कर सकें, समस्याओं का समाधान निकाल सकें और नई परिस्थितियों के अनुसार खुद को जल्दी ढाल सकें। ऐसे में अगर छात्र कॉलेज शुरू होने से पहले ही कुछ जरूरी स्किल्स पर काम करना शुरू कर दें तो उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ भविष्य के करियर में भी बड़ा फायदा मिल सकता है।
सबसे जरूरी स्किल्स में कम्युनिकेशन स्किल्स और टीमवर्क शामिल हैं। कम्युनिकेशन का मतलब केवल अंग्रेजी बोलना नहीं है, बल्कि अपनी बात को सही तरीके से रखना, दूसरों की बात ध्यान से सुनना और आत्मविश्वास के साथ बातचीत करना भी इसका हिस्सा है। कॉलेज में प्रेजेंटेशन, ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू में यह स्किल काफी काम आती है।
वहीं, टीमवर्क स्किल्स भी आज की कॉर्पोरेट दुनिया में बहुत महत्वपूर्ण हो गई हैं। किसी भी कंपनी में अधिकतर काम टीम के साथ मिलकर किया जाता है। जो छात्र दूसरों के साथ तालमेल बनाना और टीम के लक्ष्य को प्राथमिकता देना सीख लेते हैं, उन्हें नौकरी में बेहतर अवसर मिल सकते हैं।
ये खबर भी पढ़ें : SSC GD Exam 2026: परीक्षा की तारीख बदली, अब 28 नहीं इस दिन होगा एग्जाम
इसके अलावा टाइम मैनेजमेंट, प्रॉब्लम सॉल्विंग और एडेप्टेबिलिटी जैसी स्किल्स भी छात्रों के लिए जरूरी मानी जाती हैं। टाइम मैनेजमेंट छात्रों को पढ़ाई, व्यक्तिगत जीवन और अन्य गतिविधियों के बीच संतुलन बनाने में मदद करता है। वहीं, समस्या समाधान और क्रिटिकल थिंकिंग स्किल्स कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने में मदद करती हैं।
तेजी से बदलती तकनीक के दौर में एडेप्टेबिलिटी भी जरूरी हो गई है क्योंकि कंपनियां ऐसे कर्मचारियों को पसंद करती हैं जो नई चीजों को जल्दी सीख सकें और बदलाव के साथ खुद को आसानी से ढाल सकें। विशेषज्ञों का मानना है कि इन स्किल्स पर शुरुआती समय से काम करने वाले छात्रों को आगे चलकर बेहतर सैलरी और करियर में तेजी से आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं।