

BSI Job Vacancy : भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (Botanical Survey of India - BSI) ने जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) भर्ती 2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 6 पदों पर योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी BSI की आधिकारिक वेबसाइट bsi.gov.in पर उपलब्ध आवेदन पत्र डाउनलोड कर आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती में उन उम्मीदवारों को मौका मिलेगा, जिन्होंने वनस्पति विज्ञान (Botany) में पोस्टग्रेजुएशन किया है और शोध के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास बॉटनी में एमएससी की डिग्री और कम से कम 55 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। पौधों की पहचान और वर्गीकरण (Plant Taxonomy) का अच्छा ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कंप्यूटर का ज्ञान और अच्छी लेखन क्षमता भी अतिरिक्त योग्यता मानी जाएगी। चयन प्रक्रिया में पहले 3 घंटे की ऑफलाइन लिखित परीक्षा होगी, जिसमें बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे। हालांकि, CSIR-JRF (NET) उत्तीर्ण उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा से छूट मिलेगी और उन्हें सीधे ऑनलाइन इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
इंटरव्यू बीएसआई के विभिन्न क्षेत्रीय केंद्रों के माध्यम से आयोजित किए जाएंगे। परीक्षा या इंटरव्यू में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को यात्रा और रहने का खर्च स्वयं उठाना होगा, क्योंकि किसी प्रकार का TA/DA नहीं दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क का भुगतान भारतकोष (Bharatkosh) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन करना होगा। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 400 रुपये, ओबीसी के लिए 200 रुपये तथा एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन करने के लिए सबसे पहले bsi.gov.in पर जाकर भर्ती अधिसूचना डाउनलोड करें और उसे ध्यान से पढ़ें।
इसके बाद आवेदन पत्र भरें, आवश्यक शैक्षणिक प्रमाणपत्र, फोटो और हस्ताक्षर संलग्न करें तथा अधिसूचना में दिए गए पते पर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन भेज दें। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले सभी पात्रता शर्तों और जरूरी निर्देशों को अच्छी तरह पढ़ लें।