AI के दौर में भी इन 6 क्षेत्रों में रहेगी नौकरियों की मांग, जानें कौन-सी डिग्री दिलाएगी बेहतर करियर

AI Era Career Options: AI के बढ़ते इस्तेमाल के बावजूद मेडिकल, कानून, डेटा साइंस, इंजीनियरिंग और डिजाइन जैसे क्षेत्रों में करियर के अवसर बने रह सकते हैं। जानें 6 डिग्री और उनके विकल्प।
AI Era Career Options,
AI के दौर में इन 6 क्षेत्रों की रहेगी डिमांडsource- imagesbazaar
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • AI के दौर में भी मेडिकल, कानून और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों में विशेषज्ञों की जरूरत बनी रहेगी।

  • डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, इंजीनियरिंग और डिजाइन में नए अवसर बन सकते हैं।

  • बेहतर करियर के लिए डिग्री के साथ इंटर्नशिप, प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और नई स्किल सीखना जरूरी है।

Best Courses After 12th: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से काम करने के तरीकों को बदल रहा है। कई ऐसे काम, जिनके लिए पहले घंटों लगते थे, अब कुछ मिनटों में पूरे हो रहे हैं। इसका असर नौकरी और करियर के विकल्पों पर भी पड़ रहा है। ऐसे में छात्रों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि भविष्य में कौन-सा कोर्स चुनें, जिससे रोजगार के अवसर बने रहें?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी डिग्री के साथ स्किल की अहमियत पर जोर दे चुके हैं। दरअसल, आने वाले समय में सिर्फ शैक्षणिक सर्टिफिकेट नहीं, बल्कि काम करने की क्षमता, रचनात्मक सोच और व्यावहारिक ज्ञान भी मायने रखेंगे। हालांकि, कुछ ऐसे क्षेत्र हैं जहां AI की मदद के बावजूद इंसानी समझ और विशेषज्ञता की जरूरत बनी रहेगी। आइए जानते हैं ऐसे 6 करियर विकल्पों के बारे में, जिनमें भविष्य में भी अच्छे अवसर मिल सकते हैं।

1. टेक्नोलॉजी और डेटा साइंस

AI के बढ़ते इस्तेमाल से टेक्नोलॉजी सेक्टर में काम करने का तरीका बदल रहा है, लेकिन इससे इस क्षेत्र में विशेषज्ञों की जरूरत खत्म नहीं हुई है। डेटा साइंस, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित लोगों की मांग बनी हुई है।

कंपनियों को ऐसे प्रोफेशनल्स चाहिए, जो तकनीक का इस्तेमाल करके समस्याओं का समाधान निकाल सकें और नए सिस्टम तैयार कर सकें। BTech, कंप्यूटर साइंस और डेटा साइंस से जुड़े कोर्स इस क्षेत्र में करियर बनाने का रास्ता खोलते हैं। इसके साथ प्रोग्रामिंग, डेटा एनालिसिस और साइबर सिक्योरिटी जैसी स्किल सीखना भी जरूरी है।

AI Era Career Options,
Study In Russia: MBBS ही नहीं, रूस में IT, फाइनेंस और एयरोस्पेस की पढ़ाई भी सस्ती; जानें फीस और विकल्प

2. साइकोलॉजी और मेंटल हेल्थ

आज के दौरान जिंदगी में तनाव, चिंता और कामकाज के दबाव जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। इसके चलते मेंटल हेल्थ से जुड़े विशेषज्ञों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होती जा रही है। स्कूलों, अस्पतालों, काउंसलिंग सेंटर और कॉर्पोरेट संस्थानों में साइकोलॉजिस्ट और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए अवसर मौजूद हैं।

साइकोलॉजी में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन करके इस क्षेत्र में आगे बढ़ा जा सकता है। हालांकि, क्लिनिकल साइकोलॉजी जैसे विशेष क्षेत्रों में काम करने के लिए निर्धारित उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण और जरूरी पेशेवर योग्यता हासिल करना आवश्यक है।

3. कोर इंजीनियरिंग

बिजली, पुल, इमारत, और सोलर ऊर्जा जैसी परियोजनाओं के निर्माण और संचालन में इंजीनियरों की अहम भूमिका होती है। देश में इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा क्षेत्र में लगातार काम होने से सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग जैसे विषयों में करियर के अवसर बने रह सकते हैं।

इस क्षेत्र में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। डिजाइनिंग, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, तकनीकी सॉफ्टवेयर और साइट पर काम करने का अनुभव भी जरूरी है। जो उम्मीदवार पढ़ाई के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण लेते हैं, उन्हें नौकरी के लिए बेहतर तैयारी मिल सकती है।

4. डिजाइन और क्रिएटिव फील्ड

ग्राफिक डिजाइन, एनीमेशन, फैशन डिजाइन, फिल्म मेकिंग और प्रोडक्ट डिजाइन जैसे क्षेत्रों में रचनात्मक सोच की बड़ी भूमिका होती है। AI डिजाइन तैयार करने, नए आइडिया सुझाने और काम को आसान बनाने में मदद कर सकता है, लेकिन किसी प्रोजेक्ट के लिए अलग सोच विकसित करना और उसे सही रूप देना इंसानी रचनात्मकता पर निर्भर करता है।

इस क्षेत्र में डिजाइन से जुड़े कोर्स के साथ सॉफ्टवेयर की जानकारी, पोर्टफोलियो और प्रैक्टिकल अनुभव भी जरूरी हैं। जो लोग अपनी कल्पनाशक्ति को तकनीकी कौशल के साथ जोड़ते हैं, उनके लिए कई तरह के करियर विकल्प खुल सकते हैं।

5. कानून की पढ़ाई

AI कानूनी दस्तावेज तैयार करने, पुराने फैसले खोजने और जरूरी जानकारियां जुटाने में मदद कर सकता है। लेकिन अदालत में बहस करना, क्लाइंट की परिस्थिति समझना और किसी मामले के लिए कानूनी रणनीति तैयार करना अब भी विशेषज्ञ की समझ और अनुभव पर निर्भर करता है।

LLB और LLM जैसी डिग्रियों के जरिए वकालत, न्यायिक सेवाओं और कॉर्पोरेट कानून में करियर बनाया जा सकता है। इसके अलावा साइबर क्राइम, डेटा प्राइवेसी और डिजिटल अधिकारों जैसे नए क्षेत्रों में भी कानूनी विशेषज्ञों के लिए अवसर बढ़ सकते हैं।

6. मेडिकल और हेल्थकेयर

बता दें स्वास्थ्य सेवाओं में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। बीमारी की पहचान, मेडिकल रिपोर्ट का विश्लेषण और कुछ जटिल प्रक्रियाओं में तकनीक डॉक्टरों की मदद कर रही है। इसके बावजूद मरीज की जांच, इलाज का फैसला और उसकी देखभाल में डॉक्टरों तथा दूसरे स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण बनी रहेगी।

MBBS, BDS, BAMS, BSc Nursing, BPharma और फिजियोथेरेपी जैसे कोर्स के जरिए हेल्थकेयर सेक्टर में करियर बनाया जा सकता है। डॉक्टरों के अलावा नर्स, फिजियोथेरेपिस्ट और फार्मेसी विशेषज्ञों की भी स्वास्थ्य व्यवस्था में जरूरत होती है।

AI Era Career Options,
एसएससी सीएचएसएल सिटी स्लिप 2026: परीक्षा शहर की जानकारी जल्द होगी जारी, जानें डाउनलोड का तरीका

करियर चुनते समय डिग्री के साथ स्किल पर भी दें ध्यान

AI के दौर में करियर चुनते समय केवल यह देखना काफी नहीं है कि कौन-सी डिग्री लोकप्रिय है। अपनी रुचि, क्षमता और संबंधित क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं को समझना भी जरूरी है। जिस विषय में पढ़ाई करना चाहते हैं, उसके साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और नई तकनीक सीखने पर ध्यान दें।

याद रखें, डिग्री आपको किसी क्षेत्र में प्रवेश का रास्ता देती है, जबकि आपकी स्किल और काम करने की क्षमता आगे बढ़ने में मदद करती है। इसलिए भविष्य की तैयारी के लिए पढ़ाई और हुनर, दोनों को साथ लेकर चलना बेहतर विकल्प हो सकता है।