मुंबई: पूंजी बाजार में 4 फरवरी को एथनिक वियर मार्केट की प्रमुख कंपनी वेदांत फैशन लिमिटेड (Vedant Fashion Ltd.) का 3,149 करोड़ रुपए का सार्वजनिक निर्गम (IPO) खुल रहा है। यह निवेश के लिए 8 फरवरी तक खुला रहेगा। जिसमें कंपनी के एक रुपए फैस वैल्यू वाले 3.63 करोड़ इक्विटी शेयर 824 से 866 रुपए प्रति शेयर मूल्य पर ऑफर किए जा रहे हैं।
यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल है। इसमें कंपनी कोई नए शेयर जारी नहीं करेगी। आईपीओ कंपनी की 24.24 करोड़ रुपए की इक्विटी पूंजी का 15% है।
कोलकाता स्थित वेदांत फैशन की स्थापना गारमेंट उद्योग के अनुभवी उद्यमियों रवि मोदी और शिल्पी मोदी ने दो दशक पूर्व की थी और अब उनके पुत्र वेदांत मोदी भी कंपनी से जुड़ गए हैं। ‘मान्यवर’ (Manyavar) कंपनी का पहला लोकप्रिय ब्रांड है। जिसके तहत कंपनी दुल्हे के लिए पारंपरिक परिधान बनाती है। यह ब्रांड देश-विदेश में काफी लोकप्रिय है। इसकी सफलता के बाद 2015 में कंपनी ने दुल्हन के पारंपरिक परिधानों का नया ब्रांड ‘मोहे’ (Mohey) लॉन्च किया। कुशल कारीगरों द्वारा तैयार विशिष्ट परिधान होने से यह भी लोकप्रिय गया है। अब कंपनी वर-वधू के सभी परिधानों के साथ शादी-ब्याह और अन्य खास अवसरों के लिए महिला-पुरूष और बच्चों के डिजाइनर एथनिक वियर बनाती है। ‘मेबाज (Mebaz), मंथन (Manthan), त्वमेव’ (Twamev) भी इसके प्रीमियम वैल्यू ब्रांड हैं। यह मार्केट लीडर होने के साथ तेज ग्रोथ करते हुए लगातार लाभ कमा रही है। इसके भारत में 535 तथा अमेरिका, कनाडा, यूएई में 11 रिटेल शोरूम हैं।
वेदांत फैशन का बिजनेस मॉडल काफी मजबूत है और यह अपने क्षेत्र में एक तरह से मोनोपॉली ब्रांड है। इसका सहज अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जब वित्त वर्ष 2020-21 के दौरान कोरोना महामारी के कारण अन्य गारमेंट कंपनियां या तो घाटे में आ गयी थी या फिर प्रॉफिट मार्जिन बहुत घट गया था। तब भी वेदांत फैशन ने 24% के हाई नेट प्रॉफिट मार्जिन के साथ 1021 करोड़ के कारोबार पर 133 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ कमाया। 30 सितंबर 2021 को समाप्त छमाही में नेट प्रॉफिट मार्जिन 27% तक पहुंच गया है। वेदांत फैशन के पास 450 वेंडर का मजबूत नेटवर्क है और कंपनी के साथ इनकी भी प्रगति होने से इनसे संबंध भी मजबूत हो गए हैं। जिससे आपूर्ति अबाधित है। कंपनी लगातार विस्तार और उत्पाद रेंज बढ़ा कर अपनी ग्रोथ को तेज कर रही है। कंपनी की वित्तीय स्थिति काफी मजबूत है। 859 करोड़ की नेटवर्थ और 260 करोड़ रुपए के कैश के साथ यह पूरी तरह डेब्ट फ्री और कैश रीच कंपनी है। 866 रुपए आईपीओ मूल्य को देखे तो कंपनी 85 के पीई रेशियो पर शेयर बेच रही है। इस दृष्टि से यह थोड़ा महंगा तो लगता है, परंतु हाई प्रॉफिट मार्जिन, कैश रिच, मार्केट लीडरशिप, हाई ग्रोथ, 24 करोड़ रुपए की छोटी इक्विटी पूंजी और निर्गम बाद प्रमोटरों की 85% हिस्सेदारी आदि पहलुओं को देखते हुए यह आईपीओ लाभकारी दिख रहा है।