

ट्रंप प्रशासन ने भारतीय सामानों पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है।
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सहमति बनने से भारतीय उत्पादों पर टैरिफ घटकर 17% हो सकता है।
नए शुल्क जनवरी से लागू हो सकते हैं, जिससे भारतीय निर्यातकों की चुनौतियां बढ़ने की आशंका है।
प्रस्ताव में चीन पर 20 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ और बांग्लादेश, जापान व EU पर 20% शुल्क शामिल है।
Trump Tariffs on India: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने भारतीय सामानों पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। माना जा रहा है कि नए शुल्क जनवरी से लागू हो सकते हैं। हालांकि, भारत के पास इससे राहत पाने का एक रास्ता भी है। अगर भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर सहमति बन जाती है, तो टैरिफ की दर घटकर 17 फीसदी हो सकती है। इस प्रस्ताव से भारतीय निर्यातकों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका है।
खास बात यह है कि अमेरिका का यह कदम ऐसे समय आया है, जब दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत अंतिम दौर में पहुंचने की खबरें सामने आ रही थीं। इससे पहले मनीकंट्रोल ने भारतीय अधिकारियों के हवाले से बताया था कि अगर अमेरिका ने इस तरह का कदम उठाया, तो भारत-अमेरिका ट्रेड डील की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन ने भारत समेत छह अन्य देशों से आने वाले सामानों पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है। इसके अलावा बांग्लादेश, यूरोपीय संघ, जापान, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर के उत्पादों पर 20 फीसदी तक शुल्क लगाने की योजना है।
अमेरिका का कहना है कि इन टैरिफ का मकसद वैश्विक बाजार में बढ़ती 'स्ट्रक्चरल एक्स्ट्रा इंडस्ट्रियल कैपेसिटी' की समस्या को रोकना है। इस प्रस्ताव में चीन पर भी 20 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने की बात कही गई है। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि चीन स्टील, इलेक्ट्रिक वाहनों और सोलर उत्पादों जैसे सस्ते सामान का बड़े पैमाने पर निर्यात कर वैश्विक बाजार में जरूरत से ज्यादा सप्लाई पैदा कर रहा है।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब दुनिया के कई देशों के बीच व्यापार को लेकर तनाव बना हुआ है। वहीं, ट्रंप प्रशासन को मिडटर्म चुनावों में भी नुकसान उठाना पड़ा है।
अमेरिका का यह प्रस्ताव मार्च में शुरू हुई अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की जांच के बाद सामने आया है। जांच के आधार पर जारी टैरिफ सूची में भारतीय उत्पादों पर 25 फीसदी तक शुल्क लगाने की बात कही गई है।
हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने भारत के लिए एक शर्त भी रखी है। अगर नई दिल्ली और वॉशिंगटन के बीच ट्रेड डील पर सहमति बन जाती है, तो भारतीय सामानों पर टैरिफ की दर घटकर 17 फीसदी हो सकती है।
अमेरिका का आरोप है कि जांच के दायरे में शामिल देश घरेलू और वैश्विक मांग के मुकाबले कहीं ज्यादा उत्पादन क्षमता विकसित कर रहे हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में सामान की जरूरत से अधिक सप्लाई हो रही है। अमेरिकी प्रशासन के मुताबिक, यह स्थिति स्थानीय उद्योगों और व्यापारिक प्रतिस्पर्धा को प्रभावित कर रही है।