

MCX पर सोना 515 रुपये गिरकर 1,43,623 रुपये प्रति 10 ग्राम हुआ
चांदी 1,000 रुपये गिरकर 1,95,770 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंची
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में कमजोरी आई
Gold- Silver Price Today: दिवाली से पहले सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। धनतेरस से पहले चांदी का भाव 2 लाख रुपये प्रति किलो के नीचे आ गया है, जबकि सोना भी ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है। ऐसे में जो लोग सोने-चांदी की खरीदारी या निवेश की योजना बना रहे हैं उनके यह अच्छा मौका साबित हो सकता है।
बुधवार, 28 अक्टूबर को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीमती धातुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी के दाम नीचे आए, वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी दोनों धातुओं में गिरावट दर्ज की गई।
घरेलू वायदा बाजार MCX में दिसंबर डिलीवरी वाले सोने की कीमत में ₹515 की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद सोना ₹1,43,623 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखाई दिया। जबकि चांदी की कीमतों में भी दबाव रहा। MCX पर चांदी का भाव ₹1,000 गिरकर ₹1,95,770 प्रति किलोग्राम पर आ गया। इस तरह घरेलू बाजार में सोना और चांदी दोनों की कीमतें नीचे कारोबार करती नजर आईं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में Comex पर बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। सोने का भाव 0.36% गिरकर $4,059.90 प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया।
वहीं, चांदी की कीमत में भी गिरावट दर्ज की गई। Comex पर सिल्वर का भाव 0.54% टूटकर $54.220 प्रति औंस पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई इस गिरावट के बीच निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले पर बनी हुई है।
ओवरसी-चाइनीज बैंकिंग कॉर्प के स्ट्रैटेजिस्ट क्रिस्टोफर वोंग के मुताबिक, निकट भविष्य में सोने की कीमतों में कुछ समय तक उतार-चढ़ाव और स्थिरता देखने को मिल सकती है। हालांकि, बिकवाली का दबाव कम होने से बाजार को मांग का समर्थन मिल सकता है।
उनका मानना है कि सोने में लगातार तेजी लौटने के लिए कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, महंगाई में कमी और अमेरिकी डॉलर तथा बॉन्ड यील्ड में गिरावट जैसे कारकों का एक साथ अनुकूल होना जरूरी है।