Stock Market Today: लगातार चौथे दिन लाल निशान पर खुला शेयर बाजार, जानें Sensex और Nifty का हाल

Stock Market: इस हफ्ते लगातार चौथे दिन शुरुआती कारोबार में दोनों प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी लाल निशान में खुले। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 242.24 अंक गिरकर 80,381.02 पर है।
Share Market Update 20th February
शेयर मार्केट, (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on: 
Updated on: 

Share Market: इस सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को भी शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। इस हफ्ते लगातार चौथे दिन शुरुआती कारोबार में दोनों प्रमुख सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी लाल निशान में खुले। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 242.24 अंक की गिरावट के साथ 80,381.02 अंक पर और निफ्टी 54.85 अंक फिसलकर 24,541.30 पर पहुंचा।

शुरुआती कारोबार में आईटी और फाइनेंशियल सर्विस सेक्टर में बिकवाली देखी गई। सुबह करीब 9.38 बजे, सेंसेक्स 272.30 अंक या 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,350.96 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 75.60 अंक या 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,520.55 पर था।

शुरुआती कारोबार में निफ्टी बैंक 124.90 अंक या 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 55,396.25 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 226.10 अंक या 0.40 प्रतिशत की गिरावट के बाद 56,712.20 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 62.85 अंक या 0.36 प्रतिशत की गिरावट के बाद 17,629.80 पर था।

ट्रंप के टैरिफ का दिख रहा असर

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वीके विजयकुमार ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ विवादों के कारण बाजार में नकारात्मकता का माहौल है। इसे देखते हुए विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) द्वारा नकदी बाजार में बिकवाली जारी रखने की संभावना है। एकमात्र राहत की बात यह है कि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) की निरंतर खरीदारी जारी है, जो मजबूत बनी हुई है।

7 अगस्त को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने लगभग 4,997.19 करोड़ रुपए के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने उसी दिन 10,864.04 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। इस बीच, सेंसेक्स में टाइटन, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट और बजाज फिनसर्व टॉप गेनर्स थे। जबकि भारती एयरटेल, इंफोसिस, बीईएल, इटरनल और एक्सिस बैंक टॉप लूजर्स थे।

एशियाई बाजारों की स्थिति?

एशियाई बाजारों की बात करें तो इसमें चीन, जापान और जकार्ता हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। वहीं बैंकॉक, सोल और हांगकांग लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। पिछले कारोबारी सत्र में, अमेरिका का डॉव जोंस 224.48 अंक या 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 43,968.64 पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 5.06 अंक या 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,340 पर और नैस्डैक 73.27 अंक या 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 21,242.70 पर बंद हुआ।

ट्रंप ने भारत पर लगाया 50 प्रतिशत टैरिफ

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय निर्यात पर टैरिफ को 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया है। 25 प्रतिशत टैरिफ प्रभावी हो गया है। लेकिन अतिरिक्त 25 टैरिफ 21 दिन बाद प्रभावी होगा। यह 27 अगस्त से लागू होगा।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com