दुनिया की चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने के बाद उछला शेयर बाजार, मुद्रा बाजार में भी आया उछाल

भारतीय अर्थव्यवस्था के चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर होते हुए नजर आ रहा है। आज के कारोबार में बाजार में तेजी देखी जा रही है।
fIIs in indian share market
शेयर मार्केट (सौ.सोशल मीडिया)
Updated on

मुंबई: शनिवार को नीति आयोग ने ये जानकारी दी थी कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी बन गई है। जिसके बाद से ही ये अनुमान लगाया जा रहा था कि इस संकेत के चलते शेयर मार्केट में तेजी देखी जा सकती है। सोमवार को प्री ओपनिंग सेशन में बीएसई के सेंसेक्स और एनएसई के निफ्टी में तेजी देखी गई हैं। साथ ही मुद्रा विनिमय बाजार से भी अच्छे संकेत आ रहे हैं।

बीएसई का सेंसेक्स में प्री ओपनिंग सेशन में 562.31 अंक की बढ़त के साथ 82,283.39 अंक पर ट्रेड कर रहा है, जबकि एनएसई का निफ्टी 175.7 अंक चढ़कर 25,028.85 अंक पर पहुंच गया हैं। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाइटन, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, पावर ग्रिड और बजाज फिनसर्व के शेयरों को सबसे ज्यादा फायदा हुआ हैं। इनमें से सिर्फ इटर्नल के शेयर में गिरावट देखी गई है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में भारतीय रुपया 85.02 प्रति डॉलर पर ओपन हुआ है और फिर मजबूत होकर 84.98 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। इसके बाद भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.05 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव की तुलना में 40 पैसे की तेज बढ़त दर्शाता है। भारतीय रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.45 पर बंद हुआ था। इस बीच, 6 प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.67 पर रहा।

नीति आयोग के मुख्य कार्यपालक अधिकारी बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने जानकारी देते हुए कहा है कि भारत जापान को पछाड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। इस खबर का असर भारतीय बाजारों पर होता हुआ नजर आ रहा है। एशियाई मार्केट्स में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 फायदे में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग तथा शंघाई एसएसई कम्पोजिट नुकसान में रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को नेगेटिव रुख के साथ बंद हुए थे।

इंटरनेशनल स्टैंडर्ड ब्रेंट क्रूड 0.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ 64.99 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक यानी एफआईआई शुक्रवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 1,794.59 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com