शेयर बाजार (सौजन्य : सोशल मीडिया)
मुंबई : पिछले हफ्ते शेयर बाजार में गिरावट आने के बाद हफ्ते के पहले दिन यानी सोमवार को बाजार में बढ़त देखने के लिए मिल रही है। आज के शुरूआती कारोबारी सेशन में बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांकों ने बढ़त हासिल की है। साथ ही मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की मजबूत स्थिति बनी हुई है।
आज के प्री ओपनिंग सेशन में बीएसई का सेंसेक्स 398.21 अंक चढ़कर 77,017.54 अंक पर ट्रेड कर रहा है। साथ ही एनएसई का निफ्टी 105.15 अंक की बढ़त के साथ 23,308.35 अंक पर कारोबार कर रहा है।
आज मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले में रुपये ने मजबूत स्थिति दर्ज की है। आज के प्री ओपनिंग सेशन में रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले में 13 पैसे की बढ़त हासिल की है। इस बढ़त के साथ रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.47 के स्तर पर पहुंच गया है।
सेंसेक्स की लिस्टेड कंपनियों की बात जाए तो आज रिलायंस इंडस्ट्रीज,एसबीआई, महिंद्रा और कोटक बैंक के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया है। साथ ही टेक महिंद्रा, मारुति, एचसीएल टेक और जौमेटो जैसी कंपनियों के शेयरों को भारी नुकसान हुआ है। बाजार विशेषज्ञों की राय है कि भारतीय शेयर बाजार की गति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद उनके द्वारा दिए गए बयान पर निर्भर कर सकती है। यहीं कारण है कि विदेशी और घरेलू निवेशक इसके लिए सतर्क रुख अपना रहे हैं।
पिछले हफ्ते सेंसेक्स की टॉप 10 सबसे वैल्यूऐबल कंपनियों में से 6 कंपनियों के मार्केट कैपिटल में सामूहिक रूप से 1.71 लाख करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई थी। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी कंपनी जैसे की इंफोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी टीसीएस को हुआ था।
बिजनेस की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें
एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, जापान का निक्कीऔर हांगकांग का हैंगसेंग फायदे में रहे जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को पॉजिटिव रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80.65 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक यानी एफआईआई शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 3,318.06 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
(एजेंसी इनपुट के साथ)