Share Market Outlook: अगले हफ्ते कैसा रहेगा शेयर बाजार? ये 3 अहम ट्रिगर तय करेंगे मार्केट की चाल

Share Market: बीता हफ्ता भारतीय शेयर बाजार के लिए काफी अच्छा रहा। इस दौरान निफ्टी 1.57 प्रतिशत या 391.10 अंक बढ़कर 25,285.35 पर और सेंसेक्स 1.59 प्रतिशत या 1,293.65 अंक बढ़कर 82,500.82 पर बंद हुआ।
Share Market Outlook
शेयर मार्केट, (कॉन्सेप्ट फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Share Market Outlook: भारतीय शेयर बाजार के लिए अगला हफ्ता काफी अहम रहने वाला है। दूसरी तिमाही के नतीजे, महंगाई के आंकड़े और ट्रंप टैरिफ से बाजार की चाल तय होगी। अगले हफ्ते से कई बड़ी कंपनियों की ओर से फाइनेंशियल ईयर 26 के दूसरे क्वार्टर (जुलाई-सितंबर) के नतीजे जारी किए जाएंगे। इन कंपनियों में इन्फोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, विप्रो, टेक महिंद्रा और एलटीआईमाइंडट्री के साथ-साथ बैंकिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनियां एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक के नाम शामिल हैं।

सरकार की ओर से 13 और 14 अक्टूबर को क्रमश: खुदरा महंगाई और थोक महंगाई के आंकड़े जारी किए जाएंगे। महंगाई के आंकड़े बाजार की समग्र स्थिति को दर्शाते हैं और इसका सीधा असर शेयर बाजार पर होता है। अगस्त में खुदरा महंगाई दर 2.07 प्रतिशत और थोक महंगाई दर 0.52 प्रतिशत थी।

चीन पर 100% टैरिफ का घोषणा कर चुके हैं ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से चीन से आयात पर 100 प्रतिशत टैरिफ का ऐलान कर दिया गया है, जिससे अमेरिका में चीनी आयात पर टैरिफ मौजूदा 30 प्रतिशत से बढ़कर 130 प्रतिशत हो गया है। यह एक नवंबर से लागू होगा। ऐसे में आने वाले समय में टैरिफ पर निवेशकों की निगाहें होंगी और इसका असर शेयर बाजार पर हो सकता है। बीता हफ्ता भारतीय शेयर बाजार के लिए काफी अच्छा रहा। इस दौरान निफ्टी 1.57 प्रतिशत या 391.10 अंक बढ़कर 25,285.35 पर और सेंसेक्स 1.59 प्रतिशत या 1,293.65 अंक बढ़कर 82,500.82 पर बंद हुआ।

बीते हफ्ते निफ्टी आईटी में 4.89% का रिटर्न

सेक्टोरल आधार पर 6-10 अक्टूबर के बीच निफ्टी आईटी ने सबसे अधिक 4.89 प्रतिशत का रिटर्न दिया। निफ्टी पीएसयू बैंक 1.48 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 1.57 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा 2.12 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी 2.35 प्रतिशत, निफ्टी प्राइवेट बैंक 2.22 प्रतिशत, निफ्टी सर्विसेज 2.27 प्रतिशत और निफ्टी हेल्थकेयर 3.19 प्रतिशत बढ़कर बंद हुआ।

मिडकैप और लार्जकैप का मजबूत प्रदर्शन

निफ्टी मीडिया 2.69 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया डिफेंस 0.46 प्रतिशत और निफ्टी एफएमसीजी 0.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप का प्रदर्शन मजबूत रहा। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 2.08 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 1.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ।

हफ्ते के आखिरी दिन शेयर बाजार का हाल

घरेलू शेयर बाजार में बीते हफ्ते के आखिरी दिन यानी की शुक्रवार, 10 अक्टूबर को बाजार हरे निशान में बंद हुआ। कारोबार के शुरुआत में सेंसेक्स और निफ्टी लाल निशान खुले। हालांकि, ट्रेडिंग के दौरान इसमें उछाल दर्ज की गई, जिसकी मदद से बाजार में तेजी को समर्थन मिला। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 328.72 अंक या 0.40% उछलकर 82,500.82 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 103.55 अंक या 0.41% बढ़कर 25,285.35 पर बंद हुआ।

Navbharat Live
navbharatlive.com