लंबे समय बाद शेयर मार्केट में लौटी हरियाली, 746 अंक उछला सेंसेक्स; जानें निफ्टी का हाल

Share Market: एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) द्वारा जारी किए गए मजबूत म्यूचुअल फंड प्रवाह आंकड़ों ने भी आखिरी कारोबारी घंटों में बाजार की गति को बढ़ाया।
शेयर बाजारा में लौटी रौनक
शेयर बाजार (सौजन्य : सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Share Market Today: पिछले कारोबारी सत्र की गिरावट के बाद सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की खरीदारी के बीच भारतीय शेयर बाजार लगभग 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। एफआईआई की वापसी, पहली तिमाही में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के सकारात्मक नतीजों और व्यापक बाजार में खरीदारी ने तेजी के रुझान को बढ़ावा दिया।

एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) द्वारा जारी किए गए मजबूत म्यूचुअल फंड प्रवाह आंकड़ों ने भी आखिरी कारोबारी घंटों में बाजार की गति को बढ़ाया।

746 अंकों की उछाल के साथ बंद हुआ सेंसेक्स

सेंसेक्स 746.29 अंक या 0.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,604.08 पर बंद हुआ। 30 शेयरों वाला सूचकांक पिछले सत्र के 79,857.79 के बंद स्तर के बाद शुरुआत में फ्लैट रहा। इसके बाद में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की वापसी और जुलाई के मजबूत म्यूचुअल फंड प्रवाह आंकड़ों के बीच सूचकांक में कुल मिलाकर भारी खरीदारी देखी गई। सूचकांक ने दिन के कारोबार में 80,636.05 का उच्चतम स्तर छुआ। निफ्टी 221.75 अंक या 0.91 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,585.05 पर बंद हुआ।

तीन महीने के निचले स्तर के बाद राहत

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि बाजार में तीन महीने के निचले स्तर के बाद राहत भरी तेजी देखी गई। सकारात्मक वैश्विक संकेतों और विदेशी संस्थागत निवेशकों की क्रमिक वापसी ने धारणा को बल दिया। बैंकिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी के पहली तिमाही के नतीजों के बीच सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने सुर्खियां बटोरीं, जबकि सभी क्षेत्रों में व्यापक गति देखी गई। नायर ने कहा कि निवेशक इस सप्ताह होने वाले अमेरिका-रूस समिट का सकारात्मक आकलन कर रहे हैं, जिससे भू-राजनीतिक तनाव में कमी आने की संभावना है।

आज के टॉप गेनर्स

टाटा मोटर्स, इटरनल, अदाणी पोर्ट्स, ट्रेंट, एसबीआई, एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, सन फार्मा, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक और कोटक बैंक टॉप गेनर्स में शामिल रहे। जबकि भारती एयरटेल, बीईएल और आईसीआईसीआई बैंक मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। वैल्यू बाइंग के बीच ज्यादातर क्षेत्रीय सूचकांकों में तेजी देखी गई। निफ्टी फिन सर्विसेज 238 अंक या 0.91 प्रतिशत, निफ्टी बैंक 505 अंक या 0.92 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो 249 अंक या 1 प्रतिशत और निफ्टी आईटी 146 अंक या 0.42 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com