हफ्ते के पहले दिन शेयर बाजार की सुस्त शुरुआत, 324 अंक टूटकर बंद हुआ सेंसेक्स; इन स्टॉक्स में बड़ी गिरावट

Share Market: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार की गिरावट के साथ शुरुआत हुई है। मार्केट के दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी कारोबार के अंत में लाल निशान में बंद हुए।
share market update 9th april
शेयर मार्केट, (कॉन्सेप्ट फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Share Market Highlights: भारतीय शेयर बाजार सोमवार के कारोबारी सत्र में लाल निशान में बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 324.17 अंक या 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83,246.18 और निफ्टी 108.85 अंक या 0.42 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,585.50 पर था। बाजार में बिकवाली का नेतृत्व रियल्टी, मीडिया और ऑयल एंड गैस स्टॉक्स ने किया।

इस कारण सूचकांकों में निफ्टी रियल्टी 1.99 प्रतिशत, निफ्टी मीडिया 1.84 प्रतिशत, निफ्टी ऑयल एंड गैस 1.56 प्रतिशत, निफ्टी इन्फ्रा 0.90 प्रतिशत और निफ्टी कमोडिटीज 0.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। दूसरी तरफ निफ्टी एफएमसीजी 0.67 प्रतिशत, निफ्टी कंजप्शन 0.15 प्रतिशत और निफ्टी ऑटो 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

आज के टॉप गेनर्स और लूजर्स

सेंसेक्स पैक में इंडिगो, टेक महिंद्रा, एचयूएल, कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, आईटीसी, एचसीएल टेक, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, बीईएल, एलएंडटी और सन फार्म गेनर्स थे। आईसीआईसीआई बैंक, इटरनल, टाइटन, टीसीएस, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, एसबीआई और एचडीएफसी बैंक लूजर्स थे। लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में बिकवाली देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 220.15 अंक या 0.37 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,647.65 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 171.60 अंक या 0.99 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 17,190.70 पर था।

सोमवार को क्यों गिरा शेयर बाजार?

एसबीआई सिक्योरिटीज के टेक्निकल और डेरिवेटिव्स प्रमुख सुदीप शाह ने कहा कि टैरिफ को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ने के कारण सोमवार को बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। इससे बाजार का सेंटीमेंट भी प्रभावित हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि निफ्टी के लिए 25,500 से लेकर 25,450 का जोन अहम सपोर्ट एरिया है। अगर यह 25,450 के नीचे जाता है तो 25,300 के स्तर भी देखने को मिल सकते हैं। वहीं, तेजी की स्थिति में 25,700 से लेकर 25,730 का स्तर अहम रुकावट का जोन है।

गिरावट के साथ हुई थी मार्केट की शुरुआत

बता दें कि हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी की आज सोमवार को गिरावट के साथ घरेलू शेयर बाजार की शुरूआत हुई थी। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 498 अंकों यानी 0.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83,072 के स्तर पर था। वहीं एनएसई निफ्टी 134 अंक यानी 0.52 प्रतिशत टूटकर 25,560 के स्तर पर था।

कैसी रही विदेशी निवेशकों की चाल?

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने कैश मार्केट में लगातार नौवें दिन बिकवाली करते हुए 4,300 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे। हालांकि, स्टॉक और इंडेक्स फ्यूचर्स में खरीदारी के चलते उनकी नेट बिकवाली करीब 2,536 करोड़ रुपये रही। दूसरी ओर घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी DIIs ने लगातार 98वें दिन खरीदारी जारी रखते हुए करीब 3,935 करोड़ रुपये बाजार में लगाए। बाजार को फिलहाल घरेलू फंड्स का सपोर्ट मिल रहा है, लेकिन विदेशी निवेशकों की कमजोरी चिंता बढ़ा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com