सीजफायर होते ही सरपट दौड़ा शेयर बाजार, सेंसेक्स में 2674 अंको की तेजी, निफ्टी भी 731 अंक ऊपर खुला

Stock Market News: डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर ऐलान से शेयर बाजार में दिवाली जैसा माहौल है। सेंसेक्स 2674 अंकों की ऐतिहासिक बढ़त के साथ खुला, जबकि निफ्टी और क्रिप्टोकरेंसी में भी भारी उछाल दर्ज किया गया।
share market opening update
शेयर बाजार में तेजी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Stock Market Ceasefire Impact: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ सीजफायर की घोषणा के बाद भारतीय शेयर मार्केट में जोरदार तेजी देखने को मिली। बीएसई का सेंसेक्स आज 8 अप्रैल की सुबह 77290 के स्तर पर खुला, जो 2674 अंकों की बड़ी उछाल को दर्शाता है। वहीं, एनएसई का निफ्टी 23855 के स्तर पर खुला, जिसमें 731 अंकों की मजबूती दर्ज की गई। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर हरे निशान पर खुले, जिससे यह स्पष्ट होता है कि निवेशकों का मूड सकारात्मक है।

ग्लोबल मार्केट की बात करें तो एशियाई शेयर बाजारों में भी जोरदार तेजी रही। जापान का निक्केई 225 पांच प्रतिशत से अधिक बढ़कर 56230 पर पहुंच गया, जबकि टॉपिक्स इंडेक्स में तीन प्रतिशत से अधिक की बढ़त देखी गई और यह 3775 के स्तर पर था। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 6% से अधिक की तेजी के साथ ट्रेड कर रहा था। हैंग सेंग फ्यूचर इंडेक्स 25,233 के स्तर पर था, जो पिछले बंद स्तर 25,116.53 से ऊपर था।

निफ्टी में 800 अंकों की उछाल

विशेष रूप से ट्रंप की युद्धविराम घोषणा के बाद गिफ्ट निफ्टी में 800 अंकों की उछाल दर्ज की गई और यह 23987 के स्तर पर पहुंच गया। इससे संकेत मिलता है कि घरेलू शेयर मार्केट में आज भी तेज़ी बनी रहने की संभावना है।

अमेरिकी बाजार में रहा उतार-चढ़ाव

वॉल स्ट्रीट का हाल मिश्रित रहा। डॉऊ जोंस 85 अंकों की मामूली गिरावट के साथ 46584 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि एसएंडपी 500 और नैस्डैक में हल्की बढ़त रही। कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई। ब्रेंट क्रूड 92 डॉलर प्रति बैरल से नीचे चला गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) पिछले छह साल की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज करने के बाद करीब 95 डॉलर पर था।

सोने की कीमतों में भी तेजी

सोने की कीमतों में भी तेजी रही। इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड 2.3% बढ़कर 4,811.66 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 3.3% की तेजी के साथ 4,840 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुए।

क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में भी उछाल देखा गया। अमेरिका-ईरान युद्धविराम के बाद बिटकॉइन की कीमतें तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचीं। बिटकॉइन 4.9% बढ़कर $72,738 पर ट्रेड कर रहा था, जबकि ईथर की कीमतें 7.4% की तेजी के साथ 2,273 डॉलर तक पहुंच गईं। 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com