

Fusion CX IPO: कस्टमर एक्सपीरियंस (CX) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर सेवाएं प्रदान करने वाली भारतीय बहुराष्ट्रीय कंपनी फ्यूजन सीएक्स लिमिटेड का 702 करोड़ रुपये का सार्वजनिक निर्गम (IPO) बुधवार, 14 अक्टूबर को खुलेगा और शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को बंद होगा। वहीं, एंकर निवेशकों के लिए बोली प्रक्रिया मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को खुलेगी।
इस दो दशक पुरानी लाभप्रद कंपनी ने आईपीओ में मूल्य दायरा 275 से 289 रुपये प्रति शेयर तय किया है। आईपीओ में 500 करोड़ रुपये तक के 1.69 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 202 करोड़ रुपये तक के 69.90 लाख शेयरों की बिक्री प्रमोटर शेयरधारक कंपनियों द्वारा ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी।
कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई में 22 अक्टूबर को लिस्ट होने की उम्मीद है। मुंबई में आईपीओ की घोषणा के मौके पर फ्यूजन सीएक्स के प्रमोटर एवं अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक पंकज धानुका, प्रमोटर एवं प्रबंध निदेशक किशोर सरावगी, चीफ मार्केटिंग ऑफिसर मनीष जैन, चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर अमित सोनी तथा मर्चेंट बैंकर नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट, आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज व मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवायजर्स के अधिकारी उपस्थित थे.
फ्यूजन सीएक्स नए शेयरों से प्राप्त शुद्ध राशि में से 275 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपने और कुछ सहायक कंपनियों के बकाया कर्ज के भुगतान या समय से पहले चुकाने में करेगी। जिससे कंपनी को कर्ज मुक्त होने और लाभप्रदता बढ़ाने में मदद मिलेगी। वहीं, 61 करोड़ रुपये अपनी सहायक कंपनियों ओमाइंड टेक्नोलॉजीज इंक. और ओमाइंड टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड में निवेश के लिए रखे जाएंगे।
इस राशि का इस्तेमाल आईटी टूल्स आर्या और माइंडवॉइस को उन्नत बनाने में किया जाएगा। शेष राशि का उपयोग संभावित अधिग्रहणों के जरिये कारोबार के विस्तार और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा। विगत वर्षों में अब तक फ्यूजन सीएक्स ने 7 देशों में 16 कंपनियों का अधिग्रहण कर अपने कारोबार का वैश्विक विस्तार किया है।
वर्ष 2004 में पहली पीढ़ी के उद्यमी पंकज धानुका और किशोर सरावगी ने फ्यूजन सीएक्स की स्थापना की थी। कंपनी अपने क्षेत्र के गहरे अनुभव और स्वामित्व वाले विशिष्ट एआई टूल्स के जरिये ग्राहकों को सेवाएं देती है। आज इसके भारत सहित 14 देशों में 40 डिलीवरी सेंटर हैं, जिनमें 13,735 कर्मचारी कार्यरत हैं।
कंपनी टेलिकॉम एवं यूटिलिटी, हेल्थकेयर व लाइफ साइंसेज, हाई-टेक और ट्रैवल (HTT), बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा (BFSI) तथा रिटेल कारोबार जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करती है।
यह अंग्रेजी, फ्रेंच, स्पेनिश, पुर्तगाली, जर्मन, अरबी, मंदारिन, इतालवी और हिंदी सहित 28 भाषाओं में सहायता सेवाएं प्रदान करती है। कंपनी के 208 ग्राहकों के पोर्टफोलियो में फॉर्च्यून 1000 की 22 कंपनियां शामिल हैं।
एआई पर फोकस करते हुए फ्यूजन सीएक्स तेज ग्रोथ कर रही है। वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का कारोबार 991 करोड़ था, जो वर्ष 2026 में दोगुने से अधिक बढ़कर 1818 करोड़ रुपये हो गया। जबकि शुद्ध लाभ 36 करोड़ से करीब 5 गुना बढ़कर 170 करोड़ रुपये हो गया। एबिटा मार्जिन भी 10.55% से बढ़कर 18.14% हो गया।
विगत तीन वर्षों में कंपनी ने जहां कारोबार में सालाना 35% की तेज ग्रोथ दर्ज की है, वहीं शुद्ध लाभ में सालाना 116% की जोरदार ग्रोथ हासिल की है। कंपनी की ईपीएस (EPS) 13.37 रुपये रही और यह आईपीओ 22 के उचित पीई रेशियो (PE Ratio) पर लाया गया है। आईपीओ बाद कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 82% रहेगी।