अनंत अंबानी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (सौ. सोशल मीडिया )
नई दिल्ली : महाराष्ट्र को मुकेश अंबानी ने एक बहुत बड़ा तोहफा दिया है। अरबपति बिजनेसमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे और रिलायंस इंडस्ट्रीज के नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने बहुत बड़ा ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज महाराष्ट्र में 3.05 लाख करोड़ का निवेश करने जा रही है। इस निवेश के कारण प्रदेश में 3 लाख से ज्यादा रोजगार जनरेट हो सकता है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज और महाराष्ट्र सरकार ने इस निवेश के लिए स्विट्जरलैंड के दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में एक समझौता पत्र यानी एमओयू साइन किया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के अनंत अंबानी दोनों ने एमओयू साइन करने के बारे में जानकारी साझा की है। बताया जा रहा है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज महाराष्ट्र में अलग-अलग सेक्टर में निवेश करने जा रही है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ऑफिस ने ये जानकारी दी है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ हुए इस समझौते से महाराष्ट्र में न्यू एनर्जी, रिटेल, हाई-टेक मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर और हॉस्पिटैलिटी में लाखों रोजगार के अवसर पैदा होने वाले हैं। ये निवेश अनंत अंबानी की लीडरशिप में पूरा किया जाने वाला है।
इस मौके पर अनंत अंबानी ने कहा है कि ये मेरे और रिलायंस इंडस्ट्रीज के लिए बहुत सम्मान और गर्व का अवसर है कि हम इस एमओयू को साइन कर रहे हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज हमेशा से हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और उनके नए भारत के विचार के लिए प्रतिबद्ध रहा है। हमारी कंपनी भारत में सबसे बड़े बिजनेस ग्रुप के तौर पर पूरे देश में फैल रहे हैं और हम इस महान देश के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते रहेंगे।
बिजनेस की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां पर क्लिक करें
रिलायंस इंडस्ट्रीज के नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन की सराहना की है। साथ ही भारत को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में महाराष्ट्र की भूमिका के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य सरकार की भी सराहना की है।