India US Bilateral Trade Agreement Interim Deal: भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को नई मजबूती देने के उद्देश्य से वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल अमेरिका की यात्रा पर हैं। बुधवार को उन्होंने 'नेशनल एसोसिएशन ऑफ मैन्युफैक्चरर्स' (NAM) द्वारा आयोजित एक विशेष बिजनेस राउंडटेबल को संबोधित करते हुए अमेरिकी दिग्गजों को भारत के तेजी से बढ़ते औद्योगिक आधार और कुशल कार्यबल का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।
केंद्रीय मंत्री ने अमेरिकी कंपनियों को भारतीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के साथ साझेदारी करने और उन्नत विनिर्माण के क्षेत्र में सह-निवेश करने का आह्वान किया, ताकि एक मजबूत और लचीली वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला तैयार की जा सके। अपनी इस यात्रा के दौरान पीयूष गोयल मिलवॉकी और शिकागो में कई द्विपक्षीय बैठकों और प्रमुख अमेरिकी उद्योगपतियों के साथ संवाद सत्रों में भाग लेंगे।
गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने अमेरिकी निर्माताओं को भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ाने, भारतीय छोटे एवं मध्यम उद्यमों (एसएमई) के साथ
साझेदारी करने और उन्नत विनिर्माण क्षेत्र में सह-निवेश करने के अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि इससे ऐसी मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाएं तैयार करने में मदद मिलेगी, जो दोनों अर्थव्यवस्थाओं के लिए मूल्य सृजित करेंगी।
भारत और अमेरिका संतुलित एवं दोनों देशों के लिए लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर बातचीत को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
ऐसे में गोयल की अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमीसन ग्रीयर के साथ आगामी बैठक को व्यापार समझौते को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गोयल, यूएसटीआर के निमंत्रण पर विस्कॉन्सिन के मिलवॉकी में होने वाली जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में शामिल होंगे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों पक्ष 7 फरवरी, 2026 को भारत और अमेरिका द्वारा जारी संयुक्त बयान के अनुरूप एक अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे।
बैठक के दौरान भारत एक नियम-आधारित, खुले, समावेशी, पारदर्शी, न्यायसंगत और गैर-भेदभावपूर्ण वैश्विक व्यापार ढांचे की वकालत करेगा, जिसमें विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) को केंद्र में रखा जाएगा।
केंद्रिय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल अमेरिका में कई द्विपक्षीय बैठकों में भी हिस्सा लेंगे, जिनका उद्देश्य व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करना है। इन चर्चाओं में किसानों, मछुआरों, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप्स, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों और अन्य कारोबारों के लिए अधिक अवसर पैदा करने पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है।
आधिकारिक बैठकों के अलावा, गोयल मिलवॉकी और शिकागो में विनिर्माण, उपभोक्ता वस्तुओं, कृषि-व्यवसाय, रिटेल और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों की प्रमुख अमेरिकी कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों से भी बातचीत करेंगे।