शेयर मार्केट में गिरावट का असर, सेंसेक्स की टॉप-6 कंपनियों को हुआ बड़ा नुकसान

Sensex Top-10 Shares: बीते सप्ताह सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों में शामिल भारती एयरटेल के मार्केट कैप में भी गिरावट दर्ज की गई है। एयरटेल का वैल्यूएशन 11,888.89 करोड़ रुपये गिरकर 10,83,998.73 पर आ गया।
share market highlights 19th february 2026
शेयर मार्केट, (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on
Updated on

Sensex Top-10 Companies: सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह के बाजार पूंजीकरण में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 94,433.12 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे ज्यादा नुकसान में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और रिलायंस इंडस्ट्रीज रहीं। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 742.74 अंक या 0.90 प्रतिशत नीचे आया। समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, भारती एयरटेल, इन्फोसिस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार मूल्यांकन में गिरावट आई।

वहीं आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), बजाज फाइनेंस और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की बाजार हैसियत बढ़ गई। सप्ताह के दौरान टीसीएस का बाजार मूल्यांकन 27,334.65 करोड़ रुपये घटकर 11,54,115.65 करोड़ रुपये रह गया। सबसे अधिक नुकसान टीसीएस को ही हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज की बाजार हैसियत 24,358.45 करोड़ रुपये घटकर 19,98,543.22 करोड़ रुपये पर आ गई।

एचडीएफसी बैंक का गिरा वैल्यूएशन

एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 20,051.59 करोड़ रुपये घटकर 15,00,917.42 करोड़ रुपये रहा। भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में 11,888.89 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 10,83,998.73 करोड़ रुपये पर आ गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 7,330.72 करोड़ रुपये घटकर 5,84,789.77 करोड़ रुपये रहा। इन्फोसिस की बाजार हैसियत 3,468.82 करोड़ रुपये घटकर 6,59,096.12 करोड़ रुपये रह गई। इस रुख के उलट भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार पूंजीकरण 13,208.44 करोड़ रुपये बढ़कर 7,34,763.97 करोड़ रुपये हो गया।

टॉप-10 में रिलायंस नंबर-1

इसी तरह बजाज फाइनेंस की बाजार हैसियत 5,282.15 करोड़ रुपये बढ़कर 5,85,292.83 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 3,095 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 10,18,008.73 करोड़ रुपये हो गया। एलआईसी का बाजार पूंजीकरण 506 करोड़ रुपये बढ़कर 5,83,828.91 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा।

इससे पहले भी हुआ था नुकसान

बता दें कि इससे पहले सेंसेक्स की टॉप-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से आठ के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में सामूहिक रूप से 2.07 लाख करोड़ रुपये (2,07,501.58 करोड़ रुपये) की गिरावट दर्ज की गई थी। सबसे ज्यादा नुकसान में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और भारती एयरटेल रही थी। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 932.42 अंक या 1.11 प्रतिशत के नुकसान में रहा था। शीर्ष 10 में से केवल बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार मूल्यांकन में बढ़ोतरी हुई थी।

एजेंसी इनपुट के साथ- 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com