

Highlights:
एचसीएल टेक ने सोमवार को वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए।
दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 21.2% बढ़ा।
सालाना आधार पर एचसीएल टेक्नोलॉजीज के रेवेन्यू में 11.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
HCL Tech Q2 Results: एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने सोमवार को ऐलान किया कि वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 21.2 प्रतिशत बढ़कर 5,132 करोड़ रुपये हो गया। यह वृद्धि सेवाओं की स्थिर मांग, बड़े सौदे और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित समाधानों की बढ़ती डिमांड के कारण हुई।
एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि तिमाही आधार पर उसका नेट प्रॉफिट पिछली तिमाही के 4,626 करोड़ रुपये से 11% बढ़ा है। आईटी सेक्टर की इस प्रमुख कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए अपने रेवेन्यू ग्रोथ अनुमान की लो लिमिट भी बढ़ा दी है और प्रति शेयर 12 रुपये के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है।
नोएडा मुख्यालय वाली आईटी सर्विस कंपनी ने सितंबर तिमाही में ऑपरेशनल से 35,620 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया, जो जून तिमाही के 34,579 करोड़ रुपये से 3 प्रतिशत अधिक है। सालाना आधार पर कंपनी के रेवेन्यू में 11.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
तिमाही के दौरान कंपनी के परिचालन प्रदर्शन में भी सुधार हुआ और ईबीआईटी का मार्जिन बढ़कर 18.2 प्रतिशत हो गया। परिचालन दक्षता और विभिन्न कारोबारी क्षेत्रों में वृद्धि के दम पर मार्जिन में तिमाही आधार पर 131 आधार अंक और सालाना आधार पर 71 आधार अंक का सुधार हुआ।
तिमाही की एक प्रमुख उपलब्धि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कारोबार में लगातार बनी तेजी रही। एचसीएलटेक का एडवांस्ड एआई रेवेन्यू 219 मिलियन डॉलर रहा। इसमें पिछली तिमाही की तुलना में 28.4 प्रतिशत और पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 78 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
कारोबारी मांग को लेकर भरोसा जताते हुए कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान संशोधित कर 2.5-4 प्रतिशत कर दिया है। पहले यह अनुमान 1-4 प्रतिशत था। हालांकि, कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष के लिए अपने परिचालन मार्जिन के 17.5-18.5 प्रतिशत रहने के अनुमान को बरकरार रखा है।
कंपनी ने तिमाही के दौरान नए डील्स के मामले में भी मजबूत प्रदर्शन किया। नए डील्स से प्राप्त नेट ऑर्डर बुकिंग 3.24 अरब डॉलर रही, जिसमें मर्सिडीज-बेंज से मिला 1.14 अरब डॉलर का बड़ा एआई कॉन्ट्रैक्ट भी शामिल है। कुल नई ऑर्डर बुकिंग सालाना आधार पर 27 प्रतिशत बढ़कर लगभग 3.3 अरब डॉलर हो गई, जिससे वित्त वर्ष की पहली छमाही में ऑर्डर बुकिंग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।
कंपनी के प्रदर्शन पर एचसीएलटेक के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर सी. विजयकुमार ने कहा कि कंपनी ने एक मजबूत तिमाही प्रदर्शन किया है। विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों और उद्योगों में वृद्धि दर्ज की गई, जबकि एडवांस्ड एआई समाधानों को ग्राहकों से लगातार अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
उन्होंने कहा कि हमारे एआई समाधान ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप साबित हो रहे हैं। इसे कंपनी का विकास की संभावनाओं को लेकर भरोसा बढ़ा है।
एचसीएलटेक की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा ने कहा कि एडवांस्ड एआई राजस्व में तेजी से हो रही वृद्धि कंपनी की रणनीति और एआई प्रौद्योगिकी के विभिन्न स्तरों पर किए गए निवेश की पुष्टि करती है। उन्होंने कहा कि एडवांस्ड एआई राजस्व में तेजी से हो रही वृद्धि हमारी कारोबारी रणनीति की पुष्टि करती है।
रणनीतिक साझेदारियों और एआई प्रौद्योगिकी के पूरे क्षेत्र में लगातार निवेश के जरिए एचसीएलटेक वैश्विक स्तर पर उद्यमों और सरकारों के लिए एक भरोसेमंद प्रौद्योगिकी साझेदार बनने की मजबूत स्थिति में है।