सोने-चांदी की कीमत में बढ़ोतरी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Gold-Silver Price Today 8 April 2026: अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के लिए सीजफायर का ऐलान हो गया है। इसकी असर आज शेयर मार्केट से लेकर सोने-चांदी की कीमतों में भी देखने को मिल रहा है। मल्टी एक्सटेंड कमोडिटी (MCX) पर आज सोने की कीमत 2.23% या 3200 रुपये बढ़कर 1,53,640 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई, जबकि चांदी 6% या 13,000 रुपये की उछाल के साथ 2,44,770 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने का रुख सकारात्मक रहा। स्पॉट गोल्ड 2.3% बढ़कर 4,811.66 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा, और अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 3.3% की तेजी के साथ 4,840 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि यह तेजी फिलहाल “रिलीफ रैली” है। ब्लूमबर्ग के अनुसार, सोने के लिए 4,930 डॉलर और 5,000 डॉलर के स्तर प्रमुख रेजिस्टेंस हैं। भविष्य में सोने की कीमतों की दिशा इस बात पर निर्भर करेगी कि ईरान इस युद्धविराम का पालन करता है या नहीं।
सियासी पहलू में, पाकिस्तान की मध्यस्थता से अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत के रास्ते खुलते दिख रहे हैं। रिपोर्टों के अनुसार, 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच वार्ता शुरू हो सकती है। हालांकि, ईरान ने साफ कर दिया है कि इसका मतलब तनाव पूरी तरह खत्म होना नहीं है।
ऊर्जा कीमतें और वैश्विक महंगाई सोने के लिए एक बड़ा जोखिम बनी हुई हैं। तेल की कीमतों में बढ़ोतरी वैश्विक महंगाई को बढ़ा सकती है और केंद्रीय बैंकों के लिए ब्याज दरों पर फैसला कठिन बना सकती है। ऐसे समय में सोना पारंपरिक सुरक्षित निवेश माना जाता है, लेकिन उच्च ब्याज दर इसकी तेज़ी को सीमित कर सकती हैं।
सोने-चांदी की कीमतों के साथ-साथ अन्य कीमती धातुओं में भी तेजी देखी गई। स्पॉट सिल्वर 4.3% बढ़कर 76.08 डॉलर प्रति औंस पर पहुंची। प्लैटिनम में 2.4% और पैलेडियम में 2.1% की बढ़त दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें- सीजफायर होते ही सरपट दौड़ा शेयर बाजार, सेंसेक्स में 2674 अंको की तेजी, निफ्टी भी 731 अंक ऊपर खुला
ट्रंप के फैसले से बाजार को फिलहाल राहत मिली है, लेकिन भू-राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई है। सोने और अन्य धातुओं में आगे भी उतार-चढ़ाव जारी रह सकते हैं, क्योंकि निवेशक अमेरिका-ईरान वार्ता और वैश्विक आर्थिक संकेतों पर ध्यान रख रहे हैं।