क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन IPO: कर्ज घटाने की तैयारी, लेकिन महंगे वैल्यूएशन और कानूनी विवाद की चुनौती

Crystal Crop Protection IPO: 33 गुना P/E पर IPO, प्रतिस्पर्धी कंपनियों के मुकाबले लाभ मार्जिन काफी कम, TED रिफंड मामले में CBI-ED के एक्शन और बीमा क्लेम पर ऑडिटर की आपत्ति निवेशकों के लिए चिंता।
Crystal Crop Protection IPO
क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन आईपीओ(सोर्स- डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड 455 करोड़ रुपये का IPO लेकर आ रही है।

  • कंपनी ने इसके लिए 259 से 272 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।

  • 10 रुपये फेस वैल्यू वाला यह इश्यू 18 से 20 नवंबर तक निवेश के लिए खुला रहेगा।

Crystal Crop Protection IPO: गुजरात के उद्योगपति नंद किशोर अग्रवाल और अंकुर अग्रवाल द्वारा संचालित क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड कृषि रसायन और बीज कारोबार में सक्रिय कंपनी है। कंपनी अब 455 करोड़ रुपये का अपना पहला IPO लेकर पूंजी बाजार में उतर रही है। कंपनी ने इसके लिए 259 से 272 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।

10 रुपये फेस वैल्यू वाला यह इश्यू 18 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक निवेश के लिए खुला रहेगा। निवेशकों को कम से कम 55 शेयरों के लिए बोली लगानी होगी। इस हिसाब से ऊपरी प्राइस बैंड पर एक लॉट के लिए 14,960 रुपये का निवेश करना होगा।

प्रमोटर बेचेंगे 100 करोड़ के शेयर

कंपनी इस IPO के जरिए 355 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और प्रमोटर अंकुर अग्रवाल की ओर से 37,02,694 शेयरों यानी 100 करोड़ रुपये की ऑफर फॉर सेल (OFS) ला रही है। यानी IPO से मिलने वाली पूरी राशि कंपनी के कारोबार में नहीं जाएगी। फ्रेश इश्यू से प्राप्त राशि में से 248 करोड़ रुपये कंपनी अपने मौजूदा कर्ज को चुकाने या उसका पूर्व भुगतान करने में लगाएगी।

इसके अलावा 22 करोड़ रुपये अपनी सब्सिडियरी सफायर क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड के कर्ज भुगतान के लिए निवेश किए जाएंगे। शेष राशि का उपयोग भविष्य में कंपनियों के अधिग्रहण, रणनीतिक योजनाओं और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए किया जाएगा।

एंकर निवेशकों से पहले ही जुटाए 84 करोड़ रुपये

कंपनी IPO से पहले प्री-IPO प्लेसमेंट के तहत व्हाइटओक कैपिटल फंड से 60 करोड़ रुपये और 17 अन्य निजी निवेशकों से 24.28 करोड़ रुपये जुटा चुकी है। इस तरह कंपनी ने कुल 84.28 करोड़ रुपये के शेयर 272 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर आवंटित किए हैं।

कृषि रसायनों और बीजों पर आधारित कारोबार

क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का कारोबार कृषि रसायनों और बीजों पर आधारित है। कंपनी के उत्पादों में खरपतवारनाशक (Herbicides), फफूंदनाशक (Fungicides), कीटनाशक (Insecticides) के साथ जैविक उत्पाद, बायो-स्टिमुलेंट्स, बायो-प्रोटेक्टेंट्स, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर्स, तरल उर्वरक और सूक्ष्म पोषक तत्व शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी विभिन्न प्रकार के फसली, सब्जी और फूलों के बीजों का भी कारोबार करती है।

कंपनी का दावा है कि वह अनुसंधान एवं विकास (R&D), विनिर्माण और देशभर में वितरण के एकीकृत मॉडल के जरिए किसानों की जरूरतों के अनुसार उत्पाद उपलब्ध कराती है। इसके लिए कंपनी विभिन्न बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ भी सहयोग करती है।

कुल 9 उत्पादन इकाइयां

कंपनी का देशभर में लगभग 15,000 डिस्ट्रीब्यूटर्स का व्यापक नेटवर्क है। कृषि रसायनों के निर्माण के लिए कंपनी की छह उत्पादन इकाइयां सोनीपत, आनंद, दहेज, जम्मू और नागपुर में स्थित हैं। इसके अलावा, बीज कारोबार के लिए हैदराबाद और बेंगलुरु में तीन उत्पादन इकाइयां संचालित हैं। यह विनिर्माण और वितरण नेटवर्क कंपनी को देश के विभिन्न कृषि बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद करता है।

कानूनी विवाद और वित्तीय जोखिम: निवेशकों के लिए कितनी बड़ी चिंता?

कंपनी के RHP के मुताबिक, उसके सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक TED (Terminal Excise Duty) रिफंड से जुड़ा कानूनी विवाद है। आरोपपत्र के अनुसार, कंपनी, प्रमोटर्स और एक निदेशक पर DGFT से 75.53 करोड़ रुपये का रिफंड कथित रूप से गलत तरीके से प्राप्त करने के आरोप हैं। यह राशि 30 जून 2026 तक कंपनी की नेटवर्थ का 3.47% है। इसी मामले में DGFT, अहमदाबाद ने वर्ष 2012 से 2016 के दौरान प्राप्त रिफंड को लेकर 109.42 करोड़ रुपये की मांग के साथ ब्याज भी लगाया है।

कंपनी ने इस मांग के खिलाफ गुजरात हाईकोर्ट से स्टे प्राप्त किया है। CBI इस मामले में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है, जबकि ED ने जांच के दौरान कंपनी की 30.27 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट अस्थायी रूप से अटैच की है। मामला फिलहाल न्यायिक प्रक्रिया में लंबित है।

बीमा क्लेम को लेकर भी उठा सवाल

इसके अलावा, कंपनी की कुल आकस्मिक देनदारियां 30 जून 2026 तक 113.27 करोड़ रुपये थीं, जो उसकी नेटवर्थ का 5.21% हैं। कंपनी की वित्त वर्ष 2025-26 की ऑडिट रिपोर्ट में एक और महत्वपूर्ण सवाल बीमा क्लेम को लेकर उठाया गया है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2012-13 में 16.30 करोड़ रुपये का बीमा क्लेम अपनी परिसंपत्तियों में दर्ज किया था, जबकि बीमा कंपनी ने इस दावे को खारिज कर दिया था।

हालांकि, दिसंबर 2019 में राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (NCDRC) ने कंपनी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए बीमा कंपनी को क्लेम राशि ब्याज सहित चुकाने का आदेश दिया, लेकिन बीमा कंपनी ने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की है, जिस पर फैसला लंबित है। ऑडिटर के अनुसार, इस क्लेम की वसूली सुनिश्चित नहीं होने के कारण इसे Ind AS 37 के तहत आकस्मिक परिसंपत्ति माना जाना चाहिए था और बैलेंस शीट में मान्यता नहीं दी जानी चाहिए थी।

ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कंपनी की रिपोर्टेड नेटवर्थ उसकी वास्तविक वित्तीय स्थिति को पूरी तरह दर्शाती है? एक तरफ TED रिफंड को लेकर गंभीर कानूनी विवाद और ED की कार्रवाई है, तो दूसरी तरफ बीमा क्लेम की वसूली तथा उसके लेखांकन पर ऑडिटर की आपत्ति। निवेशकों के लिए इन जोखिमों को नजरअंदाज करना उचित नहीं होगा।

प्रतिस्पर्धी कंपनियों के मुकाबले महंगा वैल्यूएशन, लाभ मार्जिन भी कमजोर

IPO का मूल्यांकन प्रतिस्पर्धी कंपनियों (Peer Companies) के मुकाबले महंगा नजर आता है। ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का पोस्ट-IPO P/E लगभग 33 गुना बैठता है। जबकि RHP में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को कावेरी सीड्स 14.6 गुना, सुमिटोमो केमिकल 31.5 गुना, वेयरकॉर 20.8 गुना, रेलिज इंडिया 17.9 गुना और धानुका एग्रीटेक 14.3 गुना के शेयर P/E पर कारोबार कर रहे थें। यानी कंपनी का वैल्यूएशन अपने अधिकांश प्रतिस्पर्धियों से काफी ऊंचा है।

Crystal Crop Protection IPO
Share Market Outlook: अगले हफ्ते कैसा रहेगा शेयर बाजार? ये अहम फैक्टर्स तय करेंगे मार्केट की चाल

चिंता केवल महंगे वैल्यूएशन तक सीमित नहीं है, बल्कि कंपनी का शुद्ध मुनाफा मार्जिन भी प्रतिस्पर्धियों कंपनियों के मुकाबले कमजोर है। वित्त वर्ष 2026 में क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का नेट प्रॉफिट मार्जिन महज 4.56% था, जबकि इसी अवधि में सुमिटोमो केमिकल का 16.04%, वेयरकॉर का 11.94%, रेलिज इंडिया का 6.26%, धानुका एग्रीटेक का 13.92% और कावेरी सीड्स का 20.77% था।

यानी कंपनी अपने अधिकांश प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले काफी कम मार्जिन पर कारोबार कर रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब कंपनी का मुनाफा मार्जिन अपने प्रतिस्पर्धियों से काफी कम है, तो निवेशकों से उसके लिए इतना ऊंचा वैल्यूएशन क्यों मांगा जा रहा है?

निवेशकों के लिए क्या है अहम सवाल?

कुल मिलाकर, क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन के पास व्यापक डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, विविध उत्पाद पोर्टफोलियो और कृषि क्षेत्र में स्थापित कारोबार जैसी खूबियां हैं। फ्रेश इश्यू की राशि से कर्ज घटने पर भविष्य में ब्याज खर्च में कमी और वित्तीय स्थिति में सुधार की संभावना भी है, लेकिन दूसरी तरफ कम मुनाफा मार्जिन, प्रतिस्पर्धियों कंपनियों के मुकाबले ऊंचा वैल्यूएशन और गंभीर कानूनी विवाद निवेशकों के सामने कई सवाल खड़े करते हैं।

Crystal Crop Protection IPO
Bank Holiday: कल 16 नवंबर को बंद रहेंगे बैंक, जानिए सोमवार की छुट्टी की वजह

क्या कर्ज में कमी और कारोबार की व्यापक पहुंच मंदी के इस बाजार में कंपनी के महंगे मूल्यांकन को उचित ठहराने के लिए पर्याप्त हैं? ऐसे में निवेशकों को IPO के प्रति उत्साह के बजाय कंपनी की कमाई की गुणवत्ता, कानूनी जोखिम और मूल्यांकन को ध्यान में रखकर फैसला करना चाहिए।