पंचकूला में 'सहयोग से समृद्धि' सम्मेलन: गृहमंत्री अमित शाह करेंगे सहकारी आंदोलन का शंखनाद

Amit Shah Panchkula: गृहमंत्री अमित शाह बुधवार को पंचकूला में राष्ट्रीय सहकारी सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वह हैफेड आटा मिल का उद्घाटन करेंगे और किसानों को रुपे प्लैटिनम डेबिट कार्ड वितरित करेंगे।
Amit Shah Panchkula
गृहमंत्री अमित शाह पंचकूला में (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Sustainable Agriculture Cooperative Model: हरियाणा के पंचकूला में बुधवार को सहकारिता क्षेत्र के एक बड़े महाकुंभ का आयोजन होने जा रहा है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह "सहयोग के माध्यम से समृद्धि" विषय पर आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन के मुख्य अतिथि होंगे।

यह कार्यक्रम 'कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड' (KRIBHCO) द्वारा सतत कृषि और सहकारी समितियों को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का मुख्य लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहकारिता विजन को जमीन पर उतारना और छोटे किसानों की आय बढ़ाना है।

सहकारी मॉडल से बदलेगी खेती की तस्वीर

इस सम्मेलन में मुख्य रूप से इस बात पर मंथन होगा कि कैसे प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) के माध्यम से छोटे और सीमांत किसानों को जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से बचाया जाए। सम्मेलन का विषय सतत कृषि (Sustainable Agriculture) रखा गया है, जिसमें किसानों को जैविक खेती और आधुनिक तकनीकों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

करोड़ों की सौगात- ई-उद्घाटन और नई सुविधाएं

केंद्रीय मंत्री अमित शाह इस अवसर पर हरियाणा को कई महत्वपूर्ण सौगातें देंगे-

  • हैफेड आटा मिल: रेवाड़ी के जटुसाना में नई आटा मिल का ई-उद्घाटन।
  • मिल्क कूलिंग सेंटर: भिवानी के सलेमपुर प्लांट में दूध को ठंडा रखने के आधुनिक केंद्र की शुरुआत।
  • रुपे प्लैटिनम कार्ड: हरियाणा के सहकारी बैंकों के लाभार्थियों को डेबिट कार्ड का वितरण।
  • पंजीकरण प्रमाण पत्र: कृषक भारती द्वारा स्थापित ए-पीएसीएस (A-PACS) के अध्यक्षों को प्रमाण पत्र सौंपे जाएंगे।

अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 का जश्न

यह सम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 के तहत आयोजित गतिविधियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। अमित शाह एक विशेष पोर्टल का भी उद्घाटन करेंगे जो साल भर चलने वाली सहकारी गतिविधियों को प्रदर्शित करेगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इस कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे और प्रदेश में सहकारी ढांचे के विस्तार पर अपनी बात रखेंगे।

किसानों के लिए तकनीकी और आर्थिक मदद

सम्मेलन का एक प्रमुख उद्देश्य किसानों तक किफायती ऋण (सस्ता कर्ज) और उन्नत कृषि ज्ञान पहुंचाना है। कृषक भारती (KRIBHCO) ने उर्वरक आपूर्ति और कृषि सलाहकार सेवाओं के माध्यम से पहले ही लाखों किसानों को लाभ पहुंचाया है। अब सहकारी समितियों के जरिए खेती के जैविक और जलवायु-अनुकूल मॉडलों को देश भर में लागू करने की योजना है।