

नेशनल काउंसिल ऑफ जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी ने आठवें वेतन आयोग के लागू होने में देरी की संभावना जताई है।
NC-JCM के स्टाफ साइड के सचिव शिव गोपाल मिश्रा ने आठवें वेतन आयोग से संबंधित कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी है।
शिव गोपाल मिश्रा को ऐसी संभावना है कि सरकार आठवें वेतन आयोग को 2029 तक टाल सकती है।
When Will 8th Pay Commission Implemented: काफी लंबे समय से आठवें वेतन आयोग की राह देख रहे केंद्रीय कर्माचारियों और पेंशनभोगियों को और इंतजार करना पड़ सकता है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि नेशनल काउंसिल ऑफ जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) की ओर से ऐसा संभावना जताई गई है। एनसी-जेसीएम एक संस्था है, जो भारत सरकार और केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के बीच बातचीत व सलाह-मशविरे का प्रतिनिधित्व करता है।
नेशनल काउंसिल ऑफ जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) के स्टाफ साइड के सचिव शिव गोपाल मिश्रा ने टीवी-9 से बातचीत में आठवें वेतन आयोग से जुड़े मुद्दे पर कई अहम जानकारी दी है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार और उनके बीच क्या-क्या बातचीत हुई है।
जब शिव गोपाल मिश्रा से पूछा गया कि क्या आपको लगता है कि सरकार आठवें वेतन आयोग को 2029 तक टाल सकती है। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार की ये कोशिश हो सकती है, लेकिन ऐसा करने के लिए सरकार को कर्मचारियों को कुछ न कुछ जरूर देना पड़ेगा। जैसे कि अंतरिम राहत के तौर पर 63 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) को बेसिक सैलरी में मर्ज कर सकते हैं। गोपाल मिश्राा ने कहा कि कुछ पे कमीशन के दौरान ऐसा हुआ भी है। इससे कर्मचारियों में संतोष बना रहेगा।
कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे पर बात करते हुए एनसी-जेसीएम सचिव ने आगे कहा कि जिस तरह से महंगाई बढ़ रही है और कर्मचारियों की वेतन बढ़ोतरी में देरी होती है तो सिर्फ घोषणाओं से काम नहीं चलेगा। सरकार को अपने खजानों से कुछ न कुछ खर्च भी करना पड़ेगा। उन्होंने भी कहा कि अगर सरकार ऐसा नहीं करती है, तो कर्मचारियों में काफी असंतोष बढ़ जाएगी।
एक अन्य सवाल में जब उनसे पूछा गया कि क्या आठवां वेतन आयोग निर्धारित समय 18 महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंप सकती है, जो की मई 2027 में पूरा हो रहा है। इस पर उन्होंने कहा कि यह 100 प्रतिशत सही है कि वेतन आयोग न अगले साल मई तक अपनी रिपोर्ट सौंपेगा और न ही लागू होगा। लेकिन यह भी बात सच है कि जब भी वेतन आयोग की रिपोर्ट आने में देरी हुई है सरकार ने अपने खजाने से कर्मचारियों को कुछ न कुछ राहत दी है।
नेशनल काउंसिल ऑफ जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) के स्टाफ साइड के सचिव शिव गोपाल मिश्रा ने एक अन्य सवाल- क्या 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर होने वाले कर्मचारियों को भी आठवां वेतन आयोग का लाभ मिलेगा? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2026 से पहले रिटायर होने वाले कर्मचारियों को भी लाभ मिलेगा।
आपको बताते चलें कि आठवें वेतन आयोग की गठन के बाद सरकार ने आयोग को अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया है। इस पर शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि डिजिटल दौर में जो काम छह महीने में हो सकता है उसके लिए 18 महीने का समय क्यों?
उन्होंने कहा कि आठवां वेतन आयोग काफी डिजिटलाइजेशन के साथ काम कर रहा है, अगर कोशिश की जाए तो यह रिपोर्ट बहुत कम समय में भी दी जा सकती है। अगर रिपोर्ट आने में देरी होगी तो सिर्फ और सिर्फ राजनीति कारणों से ही होगी।
8वें वेतन आयोग की घोषणा- 17 जनवरी 2025
टर्म्स ऑफ रिफरेंस (ToR) की मंजूरी- 28 अक्टूबर 2025
आयोग का औपचारिक गठन- 3 नवंबर 2025
रिपोर्ट की समयसीमा- 18 महीने के भीतर
आठवां वेतन आयोग गठन के बाद से ही केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी और पेंशनरों की पेंशन में संशोधन के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। देश के अलग-अलग शहरों में सरकारी कर्मचारियों और उनके संगठनों से सलाह और सुझाव के लिए बैठके कर रहा है।
गठन और समयसीमा
केंद्र सरकार ने 3 नवंबर 2025 को आयोग का गठन किया और टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) जारी किया। रिपोर्ट सौंपने की 18 महीने की समयसीमा के अनुसार यह मई 2027 के आसपास संभावित है।
बैठकें और परामर्श
पिछले एक साल में आयोग ने अलग-अलग कर्मचारी संगठनों, यूनियनों और पेंशनर्स के साथ बैठकें कर उनकी मांगों व सुझावों पर चर्चा की है। अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच आयोग की आधिकारिक गतिविधियों में तेजी देखी गई।
सरकार का रुख
वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में स्पष्ट किया है कि सरकार को अभी तक आयोग की औपचारिक सिफारिशें नहीं मिली हैं और फिटमेंट फैक्टर या लागू होने की तारीख पर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
महंगाई भत्ता (DA)
वेतन आयोग की रिपोर्ट आने से पहले कर्मचारियों को अंतरिम राहत के रूप में DA मिल रहा है, जो जुलाई 2026 से बढ़कर 63% हो चुका है।