

NDA Candidates List For Bihar MLC Election 2026: जहां एक तरफ राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा अपने बेटे को एमएलसी बनाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रहे है वहीं दूसरी ओर बिहार विधान परिषद चुनाव में एनडीए उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद उनका नाम लिस्ट में ना होने पर दीपक प्रकाश के मंत्री पद पर संकट के बादल मंडराते नजर आ रहे है।
दरअसल बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव और 1 सीट पर उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक पार्टी एनडीए ने 9 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। जिनमें 4-4 भारतीय जनता पार्टी व जनता दल यूनाइटेड के उम्मीदवार हैं, जबकि चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने एक कैंडिडेट को मैदान में उतारा है।
कैंडिडेट उतारे जाने पर शनिवार को राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि सामान्य प्रक्रिया है। चुनाव तो हो ही रहा है एमएलसी का.. जब उनसे पूछा गया कि दीपक प्रकाश तो मंत्री हैं, अब क्या होगा? इस पर कुशवाहा ने कहा कि अभी आप लोग क्यों हड़बड़ी में है... नामांकन तो परसों है न तब तक आप लोग इंतजार किजिए। जब उनसे पूछा गया कि जो सीटों के जीतने का गणित है वो नहीं बैठ रहा है तब उन्होंने जवाब देते हुआ कहा कि गणित तो हम भी जान रहे हैं... सिर्फ आप ही नहीं जान रहे हैं… इसलिए इंतजार कीजिए।
बता दें कि बिहार विधान परिषद में विधानसभा कोटे की 9 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव हो रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि विधानसभा में कुल 10 में से 9 सीटों पर एनडीए की जीत तय है। 8 जून को नामांकन और 18 जून को मतदान होगा। पूर्व सीएम नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद खाली हुई एमएलसी सीट पर भी उपचुनाव होने है।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा अपने बेटे दीपक प्रकाश को एमएलसी बनाने के लिए पुरजोर कोशिश कर रहे है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के शीर्ष नेताओं के संपर्क में है। नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने से पहले दीपक प्रकाश के लिए एनडीए की अंतिम सीट पर बात बन सकती है।
जानकारों की मानें तो एनडीए अंतिम सीट पर दीपक प्रकाश को उम्मीदवार बना सकती है, लेकिन यहां उनकी जीत आसान नहीं होगी। क्योकिं विधानसभा में राष्ट्रीय लोक मोर्चा के पास केवल चार विधायक हैं, जबकि एमएलसी चुनाव जीतने के लिए 25 वोटों की जरूरत होगी। ऐसे में भाजपा और जेडीयू के समर्थन के बिना दीपक प्रकाश का जीतना मुश्किल माना जा रहा है।
गौरतलब है कि बिहार विधान परिषद की नौ सीटों के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनाव और एक उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपने चार प्रत्याशियों के नाम जारी कर दिए है। जिसके मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक- संजय मयूख, जाने-माने भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित का नाम शामिल है। एनडीए गठबंधन के सहयोगी दल जनता दल ने भी अपने कोटे से चार उम्मीदवारों- निशान कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति, और ललन प्रसाद के नामों का ऐलान कर दिया है।