तेजस्वी यादव, फोटो- सोशल मीडिया
Bihar Adhikar yatra: तेजस्वी यादव एक बार फिर बिहार की 11 जिलों की जनता से मिलने को निकल रहे हैं। बिहार अधिकार यात्रा इस दौरान तेजस्वी यादव राज्य के 11 जिलों का दौरा करेंगे और जनता से मिलेंगे।
पार्टी की मानें तो इस यात्रा का उद्देश्य मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर लोगों को जागरूक करना, केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना, और बेरोजगारी व महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दों पर जनता को संबोधित करना है। साथ ही तेजस्वी यह भी बताएंगे कि यदि महागठबंधन की सरकार आती है, तो लोगों को क्या फायदे हो सकते हैं।
तेजस्वी की यात्रा का रूट जहानाबाद से शुरू होकर नालंदा, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, समस्तीपुर, उजियारपुर होते हुए वैशाली में समाप्त होगा। राजद के प्रदेश महासचिव रणविजय साहू ने बताया कि इस दौरान तेजस्वी यादव विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं करेंगे, जिसमें पार्टी के सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और स्थानीय कार्यकर्ता शामिल रहेंगे।
इस अभियान को ‘बिहार में वोटों की चोरी’ के खिलाफ भी एक सशक्त जवाब माना जा रहा है। राजद नेताओं का कहना है कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग के साथ मिलकर मतदाता सूची में हेराफेरी कर रही है, जिससे लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है। यात्रा के जरिए इसी सच्चाई को आम जनता तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।
जहानाबाद में तेजस्वी यादव के स्वागत को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। शहर में जगह-जगह पोस्टर-बैनर लगाए गए हैं और कडौना से लेकर गांधी मैदान तक दर्जनों तोरण द्वार बनाए गए हैं। वर्षा की संभावना को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल की भी व्यवस्था की गई है। तेजस्वी यादव गांधी मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करने के बाद सड़क मार्ग से इस्लामपुर, हिलसा और फतुहा विधानसभा क्षेत्रों में भी जनसभाएं करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे पटना लौटेंगे।
डियांवा और आसपास के इलाकों में भी तेजस्वी यादव के स्वागत की व्यापक तैयारी की गई है। राजद कार्यकर्ता गाजे-बाजे और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत करेंगे। स्थानीय नेताओं का कहना है कि इस यात्रा से पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: PM Modi @75: पीएम मोदी के जन्मदिन पर धार से शुरू होगा ये अभियान, लाडली बहनों को मिलेगा ₹5 लाख का लाभ
तेजस्वी की यह यात्रा न केवल संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से अहम मानी जा रही है, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राज्य की राजनीति में भी इसका असर साफ तौर पर देखने को मिल सकता है।