

Rahul Gandhi on Congress-BJP Dispute: बिहार की राजनीति हिंसक मोड़ लेती जा रही है। गुरुवार को दरभंगा में महागठबंधन के मंच से कांग्रेस कार्यकर्ता ने पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसके बाद से ही भाजपा के तमाम नेता राहुल गांधी से माफी की मांग कर रहे हैं। वहीं आज पटना में सदाकत आश्रम जो प्रदेश कांग्रेस का ऑफिस है, उस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने धावा बोल दिया। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
वहीं अब पूरे मामले पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रतिक्रिया आई है। गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मारो- तोड़ो जितना मारना तोड़ना है। हम सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए संविधान की रक्षा करते रहेंगे।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट का एक तरफा आरोप लगाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा "सत्य और अहिंसा के आगे असत्य और हिंसा टिक ही नहीं सकते। मारो और तोड़ो, जितना मारना-तोड़ना है - हम सत्य और संविधान की रक्षा करते रहेंगे। सत्यमेव जयते।"
भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भिड़ंत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सदाकत आश्रम के सामने व आश्रम के अंदर भाजपा कार्यकर्ता और नेता तोड़ फोड़ करते आ रहे हैं। वहीं झंडे में लगे डंडे का इस्तेमाल कर गाड़ियां तोड़ रहे हैं। साथ प्रतिक्रिया स्वारूप कांग्रेस कार्यकर्ता भी झंडे के डंडे से मुकाबला करने की कोशिश कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक मौके पर ईंट पत्थर भी चलें हैं।
घटना पर भाजपा का कहना है कि वे पटना कांग्रेस ऑफिस के सामने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे। इस कांग्रेस ऑफिस के अंदर से पत्थर फेंके गए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए और कांग्रेस ऑफिस पर धावा बोल दिया। वहीं जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने कांग्रेस दफ्तर में घुस कर मारपीट करने और तोड़फोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं की निंदा की है। उन्होंने कहा, 'किसी भी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किसी अन्य पार्टी के कार्यालय के अंदर घुसकर हंगामा करना सही नहीं है।'
दरभंगा पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मोहम्मद रिजवी उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया है। कांग्रेस ने इस घटना से खुद को अलग कर लिया है. कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि पार्टी इस तरह की भाषा को स्वीकार नहीं करती और इस कृत्य की निंदा करती है।