पप्पू यादव को सता रहा है हत्या का डर! संजय झा पर सीधे साधा निशाना, बोले- ‘दो बड़े नेता और अधिकारी…’

Bihar News: पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने Y+ सुरक्षा हटाए जाने को लेकर हत्या की साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने JDU नेता संजय झा और दो अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया।
Purnia MP Pappu Yadav
पप्पू यादव, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Pappu Yadav Social Media Post: बिहार की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने अपनी Y+ कैटेगरी की सुरक्षा हटाए जाने को एक 'हत्या की साजिश' बताया। उन्होंने सीधे तौर पर जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता संजय झा और दो अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर दावा किया कि उन्हें एक महीने पहले ही Y+ सुरक्षा दी गई थी, लेकिन अब बिना किसी कारण इसे वापस ले लिया गया। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश है।

'अगर कुछ हुआ, तो दो नेता-दो अफसर जिम्मेदार होंगे'

पप्पू यादव ने यह भी कहा कि अगर उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए बिहार के दो बड़े नेता और दो बड़े अधिकारी सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि ये लोग मेरी जान के दुश्मन बन गए हैं। पप्पू यादव के इस बयान ने बिहार में आगामी चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल को और अधिक बढ़ा दिया है।

संजय झा पर सीधा हमला

पप्पू यादव ने JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा को सीधे तौर पर इस साजिश का 'केंद्र' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय झा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीतिक भविष्य का सौदा कर लिया है और बीजेपी को सत्ता सौंपने के लिए अपनी पार्टी को गिरवी रख दिया है।

'भाजपा नेता को मुख्यमंत्री नहीं बनने दूंगा'

पप्पू यादव ने लिखा कि संजय झा जानते हैं कि मैं किसी भी कीमत पर भाजपा नेता को बिहार का मुख्यमंत्री नहीं बनने दूंगा। इसलिए मेरी हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने खुद को सीमांचल, कोसी और मिथिला क्षेत्र में भाजपा के खिलाफ अकेला संघर्ष करने वाला बताया।

सुरक्षा एजेंसियों से की सुरक्षा बहाल करने की मांग

पप्पू यादव ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की कि उन्हें दोबारा Y+ सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने मांग की कि उनकी जान को लेकर मिले इनपुट्स की गंभीरता से जांच की जाए। इन आरोपों के बाद बिहार की राजनीति में खलबली मच गई है। जहां विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को तूल देना शुरू कर दिया है, वहीं जेडीयू या संजय झा की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com