‘मुंह पर कालिख पोत लेते’, काला कपड़ा पहन विधानसभा आए RJD विधायक पर JDU का तंज

विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने के साथ ही बिहार में कई मुद्दों को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं। राजद के कई नेता काले कपड़े पहनकर विधानसभा पहुंचे। इसपर जदयू विधायकों ने चुटकी ली।
bihar news
काला कपड़ा पहन विरोध जताते आरजेडी नेता, फोटो: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

पटना: बिहार सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए आरजेडी के विधायक काला कपड़ा पहनकर विधानसभा पहुंचे थे। इसपर सत्तापक्ष के कई विधायकों ने तंज कसते हुए बयान भी दिया। राष्ट्रीय जनता दल विधायक रणविजय साहू ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर कहा, "ऐसा करके लोकतंत्र की हत्या की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। महागठबंधन नीतीश सरकार के खिलाफ इस मुद्दे को लेकर मोर्चा खोलेगी।"

‘ऑपरेशन लंगड़ा’ चलाए जाने पर राजद विधायक ने कानून व्यवस्था मुद्दे पर नीतीश सरकार पर सवाल किया और कहा कि बिहार में अपराधियों के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर डर नहीं रह गया है। यहां आम लोगों का जीना दूभर हो चुका है। सरेआम गोपाल खेमका की हत्या कर दी गई। पारस अस्पताल में चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी जाती है। इससे साफ जाहिर होता है कि पूरे बिहार में गुंडाराज चल रहा है। बिहार आतंक के साए में है।

जेडीयू विधायक ने 'काला कपड़ा' पहनने पर कसा तंज

जेडीयू विधायक विनय चौधरी ने राजद विधायकों की ओर से कानून व्यवस्था को लेकर 'काला कपड़ा' पहनकर विरोध करने पर तंज कसा। कहा, "ऐसे लोगों को अब अपने मुंह भी कालिख पोत लेनी चाहिए, क्योंकि इन लोगों को प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर किसी भी प्रकार का सवाल करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। रही बात कानून व्यवस्था की तो हमारी सरकार नित दिन अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है और आगे भी करती रहेगी। हम किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को अपने राज्य में बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं। यह बिल्कुल स्वीकार नहीं है। हम अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार का नरम रवैया नहीं बरत सकते हैं।"

राजद से पूरा बिहार अवगत है: जदयू विधायक

विनय चौधरी ने कहा, "हमारी सरकार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में बिल्कुल भी पीछे नहीं है। हमारी पुलिस ने अभी आरा में भी मुठभेड़ को अंजाम दिया है। रही बात राजद के शासनकाल की, तो पूरा बिहार अवगत है। पूरा बिहार इस बात को जानता है कि राजद के शासनकाल में किस तरह अपराधी सरेआम कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाया करते थे।"

मुंह पर कालिख पोतेगी जनता: हरिभूषण ठाकुर

जदयू विधायक हरिभूषण ठाकुर ने कानून व्यवस्था को लेकर राजद विधायकों की ओर से विरोध प्रदर्शन करने पर कहा कि इन लोगों के पास कोई मुद्दा नहीं है। ये लोग अब निराश और हताश हो चुके हैं। आने वाले चुनाव में बिहार की जनता इन लोगों के मुंह पर कालिख पोतेगी। 'ऑपरेशन लंगड़ा' पर कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। अगर कोई अपराधी किसी भी गतिविधि में संलिप्त पाया जाएगा, तो निश्चित तौर पर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आईएएनएस इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com