'हर हाल में BJP को हराएंगे', नितिन नबीन के सीट पर दावा ठोक रहे प्रशांत किशोर; बांकीपुर से लड़ेंगे उपचुनाव!

Prashant Kishor: प्रशांत किशोर ने कहा कि आज पार्टी के लोगों की औपचारिक बैठक हुई है। सभी ने मिलकर तय किया है कि हम घर-घर जाएंगे और आने वाले 1 महीने में बांकीपुर के जनसंपर्क को तेज किया जाएगा।
prashant kishor on bankipur by-election
प्रशांत किशोर, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Prashant Kishor On Bankipur By-Election: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में करारी हार झेलने वाली प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने उपचुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। पीके ने पटना की बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए ताल ठोक दी है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी और इसी साल इस पर उपचुनाव होगा। प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि जन सुराज मजबूती से उपचुनाव लड़ेंगे। गौरतलब पिछले बिहार चुनाव में पीके की पार्टी ने 238 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे और सभी पर हार मिली थी।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर मीडिया से बातचीत में जनसुराज पार्टी संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज के लिए बिल्कुल मुश्किल नहीं है। 40 साल से बांकीपुर भाजपा का गढ़ रहा है। अभी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का सीट है उस सीट को जन सुराज पूरे ताकत से लड़ेगा और हर प्रयास करेगा जिससे उनको वहां हराया जा सके।

'भाजपा ने हमें हर संभव परेशान किया'

प्रशांत किशोर ने कहा कि आज पार्टी के लोगों की औपचारिक बैठक हुई है। सभी ने मिलकर तय किया है कि हम घर-घर जाएंगे और आने वाले 1 महीने में बांकीपुर के जनसंपर्क को तेज किया जाएगा। लोगों की राय ली जाएगी। भाजपा को वहां हर हाल में हराया जाएगा। वहीं, पीके ने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने हर तरह से हमें परेशान किया। कई जगहों पर हमारे प्रत्याशियों को डराया-धमकाया गया और कई जगहों पर जन सुराज के उम्मीदवारों को पैसा देकर खरीदा गया। इस बार हम पूरी ताकत के साथ उनसे चुनाव मैदान में लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे।

क्या बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर?

क्या बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जनसुराज की तरफ से प्रशांत किशोर खुद उम्मीदवार होंगे? इसके जवाब में पीके ने कहा कि उम्मीदवार की बात नहीं है...अभी आज पार्टी के लोगों की औपचारिक बैठक हुई है। पार्टी ने रामबली सिंह चंद्रवंशी को बांकीपुर सीट का प्रभारी नियुक्त किया है। हम वहां घर-घर जाएंग और लोगों के बीच अपनी बात रखेंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com