एक... सरकार के 242 विधायकों पर पड़ेगा भारी, बांकीपुर से उपचुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, बीजेपी की बढ़ी टेंशन

Bihar By-Election: जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से अपना पहला चुनाव लड़ेंगे। नितिन नबीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई भाजपा की इस पारंपरिक सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
Prashant Kishor Bankipur By-Election
प्रशांत किशोर (AI जेनरेटेड इमेज)
Published on
Updated on

Prashant Kishor Bankipur By-Election: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर से उपचुनाव लड़ने वाले हैं। यह जानकारी जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने दी। भारती ने पटना में रविवार को प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि  कि प्रशांत किशोर बांकीपुर में होने वाले उपचुनाव लड़ेंगे। माना जा रहा है कि वो इसी हफ्ते अपना नामांकन कर सकते हैं।  बांकीपुर की सीट भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और दिग्गज नेता नितिन नबीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई है। बिहार की इस हाई लेवल सीट पर आगामी 30 जुलाई को मतदान होना है। बीजेपी किसी भी हाल में इस सीट को अपने हाथ से जाने नहीं देना चाहती है। इसके चलते इस सीट को लेकर सियासत तेज हो गई है।

बीजेपी का गढ़ है बांकीपुर

बिहार में बांकीपुर को बीजेपी के लिए सबसे सुरक्षित सीट माना जाता है। बांकीपुर की सीट पर  लंबे समय से बीजेपी का कब्जा रहा है। बीजेपी यहां से 1995 से लगातार जीत दर्ज करती आ रही है। पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार नितिन नबीन ने इस सीट पर 62.66 प्रतिशत वोट हासिल करते हुए बड़ी जीत दर्ज की थी। ऐसे में प्रशांत किशोर के लिए इस सीट से जीत हासिल करना काफी मुश्किल माना जा रहा है।

क्या बोले प्रशांत किशोर?

पटना में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान चुनाव लड़ने को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर बांकीपुर की जनता का समर्थन मिला तो वह जरूर चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि हम जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे और सदन में जनता की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। पीके ने कहा कि यह चुनाव केवल एक विधानसीट के एक सीट का उपचुनाव नहीं है, बल्कि बिहार सरकार की परीक्षा।  उन्होंने कहा कि अगर जनता उन्हें चुनती है तो जन सुराज का एक विधायक सरकार के 242 विधायकों पर भारी पड़ेगा। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि वो चुनाव में किसी पार्टी या नेता के चेहरे पर वोट देने की जगह उस नेता को वोट दें जो उनके लिए काम करे और उनकी आवाज उठाए।

पहली बार चुनाव लड़ने जा रहे पीके

प्रशांत किशोर के लिए बतौर उम्मीदवार यह उनका पहला बड़ा चुनाव होने वाला है। हालांकि, इससे पहले 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव की सीट राघोपुर या अपने गृह क्षेत्र करगरह से चुनाव लड़ने की चर्चा थी। तब उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया था। लेकिन अब पीके अपनी राजनीतिक सफर शुरू करने जा रहे हैं।  

Navbharat Live
navbharatlive.com