स्वतंत्रता दिवस पर नीतीश कुमार का सियासी दांव, बिहार के युवाओं के लिए कर दिया बड़ा ऐलान

CM Nitish Kumar Big Announcement: साल 2030 तक युवाओं का भाग्य बदलने वाला है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पांच साल के अंदर एक करोड़ लोगों को रोजगार देने की घोषणा की है।
nitish kumar announce 1 crore youth employement
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने युवाओं के लिए की बड़ी घोषणा (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Bihar Cm Nitish Kumar: बिहार में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री ने झंडोतोलन कर देश के आजादी की 79वीं वर्षगांठ मनाई। राज्य में चारों तरफ स्वतंत्रता दिवस की धूम है। लोग हर्षोउल्लास के साथ इस पर्व को मना रहे हैं।

पटना स्थित गांधी मैदान में इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस खास मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के विकास कार्यों की परियोजना पर खुलकर बात की।

आने वाले भविष्य की संभावनाओं के साथ-साथ वर्तमान में सरकार द्वारा किए गए कार्यों का विवरण अपने भाषण संवाद में किया। मुख्यमंत्री ने आने वाले 5 सालों के अंदर यानि 2030 तक प्रदेश के एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। जिससे निसंदेह ही यहां के युवाओं की तकदीर बदल जाएगी।

लोगों को संबोधित करते हुए सीएम ने कही यह बात

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 2005 से, जब से काम करने का मौका मिला, सभी धर्मों और जातियों के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने नौकरी और रोजगार की चर्चा करते हुए कहा कि हम लोगों की सरकार के द्वारा युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा रही है।

2020 में सात निश्चय-2 में हम लोगों ने तय किया कि 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार दिए जाएंगे, तो ये तो हो ही गया और बढ़ ही रहा है। अब तय किया है कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिए जाएंगे।

उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि राज्य के युवाओं को सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के लिए तथा उनका भविष्य सुरक्षित करने के लिए हमारी सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं।

राज्य सरकार के ठोस कदम से लाखों युवा होंगे लाभान्वित

अब हम लोगों ने युवाओं के हित में एक निर्णय और लिया है। राज्यस्तरीय सरकारी नौकरी के सभी आयोगों के द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षाओं के शुल्क में एकरूपता लाते हुए अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क में बड़ी छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि अब प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए मात्र 100 रुपये का शुल्क रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं प्रारंभिक परीक्षा पास कर मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब कोई परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा। राज्य सरकार के इस कदम से लाखों युवाओं को लाभ होगा।

उद्योग लगाने वालों को मुफ्त में मिलेगी जमीन

सीएम ने घोषणा की, कि उद्योग लगाने वालों को मुफ्त में सरकार जमीन देगी। बिहार से बाहर रहने वाले लोगों को पर्व त्योहार में अपने घर लौटने के लिए सरकार बसें चलाएगी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हम लोगों ने महिलाओं के लिए आरक्षण दिया। अब नौकरी में भी उन्हें आरक्षण दे रहे हैं। बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या सबसे अधिक है। इतनी संख्या दूसरे किसी राज्य में नहीं है।

नीतीश कुमार ने कहा कि प्रगति यात्रा के दौरान हम लोगों ने विकास कार्यों को देखा। इसके बाद 430 नए विकास योजनाओं को स्वीकृति दे दी। अब हाल में ही सरकार ने कुछ नए कदम उठाए हैं।

सरकार सभी पंचायतों में विवाह भवन बनाएगी। अब प्रखंड स्तर तक दीदी की रसोई की सेवा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने सामाजिक पेंशन की राशि बढ़ाने और 125 यूनिट बिजली मुफ्त कर देने की भी चर्चा की। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की तारीफ करते हुए लगातार सहायता मिलने की बात को स्वीकार किया है।

(एजेंसी इनपुट)

Navbharat Live
navbharatlive.com