लालू परिवार को कोर्ट से बड़ी राहत! IRCTC घोटाला मामले में आरोप तय करने का फैसला अब 9 जून तक टला
Lalu Yadav IRCTC Case Delhi Court: लालू यादव और उनके परिवार के खिलाफ आईआरसीटीसी होटल घोटाला मामले को लेकर दिल्ली कोर्ट में आज सुनवाई हुई। कोर्ट ने आरोप तय करने का फैसला टाल दिया।
- Written By: प्रिया जैस
लालू यादव (सौजन्य-IANS)
Lalu Yadav IRCTC Hotel Scam: लालू यादव और उनके परिवार को दिल्ली कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की कोर्ट ने शुक्रवार को कथित आईआरसीटीसी होटल घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू प्रसाद यादव, उनके परिवार के सदस्यों और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने पर अपना फैसला 9 जून तक टाल दिया। इस मामले की जांच ईडी कर रही है।
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मामले में फैसला सुनाने की तारीख 9 जून तक टाल दी है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) का यह मामला कथित आईआरसीटीसी होटल घोटाले से जुड़े अपराध की आय को मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए छिपाने से संबंधित है। इस घोटाले को लेकर सीबीआई ने केस दर्ज कराया था।
सीबीआई जांच एजेंसी का आरोप है कि 2004 से 2009 के बीच रेल मंत्री रहते हुए लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल में IRCTC होटलों के संचालन के ठेके देने में गड़बड़ी की। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, होटल रखरखाव के ठेके निर्धारित नियमों का पालन किए बिना एक प्राइवेट कंपनी को दिए गए, जो कथित तौर पर RJD प्रमुख के करीबी सहयोगियों से जुड़ी थी।
सम्बंधित ख़बरें
‘लैंड फॉर जॉब’ घोटाले में लालू यादव को लगा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने FIR रद्द करने की मांग वाली याचिका ठुकराई
जाति है कि जाती नहीं…नीतीश को लव-कुश तो लालू को MY फार्मूले से मिली सत्ता, इस बार भी कास्ट ही बनेगी योग्यता!
Explainer: बिहार की सत्ता में जेनरेशन शिफ्ट! नीतीश-लालू ने 30 साल तक किया राज, अब युवा चेहरों के बीच असली जंग
‘याचिका में कोई दम नहीं है’, लैंड फॉर जॉब मामले में लालू यादव की फिर बढ़ी मुश्किलें; याचिका हुई खारिज
यह भी आरोप है कि इसके बदले में लगभग 3 एकड़ की कीमती जमीन एक बेनामी कंपनी के जरिए हासिल की गई, जिसका संबंध कथित तौर पर लालू यादव के परिवार और सहयोगियों से था।
आरोपियों में लालू यादव का परिवार शामिल
इस मामले में लालू यादव का परिवार भी शामिल बताया गया। मामले के आरोपियों में लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव, बेटियां मीसा भारती और हेमा यादव समेत अन्य लोग शामिल हैं। इससे पहले आरोपियों के वकीलों और ED की ओर से विस्तृत दलीलें पेश की गई थी। इन दलीलों के बाद विशेष न्यायाधीश ने आरोप तय करने पर फैसला सुरक्षित रख लिया था।
यह भी पढ़ें – तृणमूल कांग्रेस में बड़ी फूट! एक साथ 31 नेताओं ने दिया सामूहिक इस्तीफा, सियासी गलियारों में मचा हड़कंप
ट्रायल कोर्ट के फैसले को दी चुनौती
वहीं, दिल्ली हाईकोर्ट में भी लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव द्वारा दायर आपराधिक पुनरीक्षण याचिकाएं लंबित हैं। इन याचिकाओं में ट्रायल कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें इसी घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में उनके खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया गया था।
पिछले साल अक्टूबर में राउज एवेन्यू कोर्ट ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप तय किए थे। आरोपियों ने खुद को निर्दोष बताया था। लालू यादव लगातार आरोपों से इनकार करते रहे हैं और उनका कहना है कि आईआरसीटीसी होटलों के टेंडर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से दिए गए थे।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
