पटना में गंगा नदी में पलटी नाव, 2 लोगों की मौत, 5 लापता; 14 लोग थे सवार, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Patna News: बिहार के पटना में बड़ा हादसा हुआ है। पटना में गंगा घाट के पास गंगा नदी में सवारियों से भरी नाव पलट गई है। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लापता है।
patna boat capsize news
गंगा नदी में नाव पलटी (स्क्रीनग्रैब)
Published on
Updated on

Patna Ganga River Accident: बिहार के पटना जिले से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। पटना में बाढ़ सब-डिविजन में उमानाथ गंगा घाट के पास गंगा नदी में एक नाव पलट गई है। इस हादसे में कई लोगों के मारे जाने की संभावना जताई जा रही है। हादसे के वक्त नाव में 14 से 15 लोग सवार थे।

एक चश्मदीद ने बताया, "नाव में लगभग 14 से 15 लोग सवार थे। करीब 7 लोगों के डूबने की आशंका है। बाकी लोगों को दूसरी नाव की मदद से बचा लिया गया। अब तक यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि कितने लोग डूबे हैं।"

पुलिस अधिकारी ने दी हादसे की जानकारी

बाढ़ के SDPO रामकृष्ण ने बताया, "हमें जानकारी मिली कि तेज़ हवाओं के कारण एक छोटी नाव पलट गई। नाव में 14 लोग सवार थे। सात लोगों के सुरक्षित होने की खबर है, जबकि दो शव बरामद कर लिए गए हैं। बाकी पांच लोग लापता हैं। SDRF की टीमें रास्ते में हैं और जल्द ही तलाशी अभियान शुरू किया जाएगा।"

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह 6 बजे के करीब बाढ़ के उमानाथ घाट के पास 14 से 15 लोग नाव में सवार होकर समस्तीपुर जिला के सुल्तानपुर दियारा से मोहिउद्दीननगर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि अक्सर लोग वहां परवल तोड़ने के लिए और खेती से जुड़े कार्यों के लिए जाते थे।

वहां से वापस लौटते समय अचानक तेज हवाएं चलने लगी और देखते-ही-देखते सवारियों से भरी नाव गंगा नदी में पलट गई। मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही नाव नदी के बीच धारा में पहुंची तो तेज हवाओं के झोंके आने लगे और नाव डगमगाने लगी। नदी की धारा काफी तेज थी, इस दौरान कुछ लोग तेज धारा में बह गए।

आसपास मौजूद मल्लाहों और स्थानीय गोताखोरों ने नाव को डूबता देख नदी में छलांग लगा दी और सात लोगों को बचा लिया। सभी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भेजा गया। ग्रामीणों के मुताबिक, गुरुवार को इस इलाके में तेज हवा भी चल रही थी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए और लोगों की भीड़ लग गई। राहत और बचाव कार्य जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com